अजब पाकिस्तान की गजब कहानी! साहिबजादा का कदम बना चर्चा का विषय
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में एक दिलचस्प घटना ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। स्टीव स्मिथ और साहिबजादा फरहान के बीच मैदान पर हुई एक छोटी सी बात बड़ी चर्चा बन गई है। इस एक साधारण क्रिकेटिंग घटना को पाकिस्तान में बाबर आजम का बदला बताकर खूब उछाला जा रहा है। पाकिस्तानी फैंस का दावा है कि मुल्तान सुल्तांस और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मैच में फरहान ने ओवर की आखिरी गेंद पर स्मिथ को सिंगल लेने से मना कर दिया, जबकि स्मिथ स्ट्राइक अपने पास रखना चाहते थे। हालांकि, हकीकत इससे अलग है। साफ दिखता है कि पहले रन के लिए कॉल फरहान ने ही किया था, लेकिन बाद में स्थिति बदलने पर उन्होंने स्मिथ को मना कर दिया। ऐसे में यह कोई रिवेंज मोमेंट नहीं, बल्कि एक सामान्य क्रिकेटिंग सिचुएशन थी।
क्या हुआ था मैदान पर?
यह घटना मुल्तान और क्वेटा के मैच में ओवर की आखिरी गेंद पर यह घटना हुई। स्मिथ ने मैच में तेज शुरुआत की थी और वह स्ट्राइक पर थे। स्मिथ अगला ओवर भी खुद खेलना चाहते थे। उन्होंने ऑफ साइड में हल्के हाथों से गेंद खेला, तभी फरहान ने पहले रन के लिए कॉल किया और नॉन स्ट्राइकर एंड से दौड़ पड़े। पहले तो स्मिथ ने रन से मना किया, फिर उन्हें लगा होगा कि सिंगल ले लेना चाहिए और थोड़े लेट रिएक्ट किया। वह भी मना करते-करते दौड़ पड़े। हालांकि, स्मिथ के मना करने पर साहिबजादा वापस नॉन स्ट्राइकर एंड पर लौट चुके थे और स्मिथ के दौड़ने पर उन्होंने भी तुरंत स्मिथ को वापस जाने को कहा। हालांकि, फरहान के इनकार के बाद वह थोड़ा निराश नजर आए। यह स्थिति क्रिकेट में कई बार देखने को मिलती है। यह छोटा सा पल कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते वायरल हो गया।
पाकिस्तानी फैंस ने जोड़ दिया 'बाबर कनेक्शन'
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी फैंस ने इसे बाबर आजम से जोड़ दिया। दरअसल, जनवरी 2026 में बिग बैश लीग (BBL) में स्मिथ ने सिडनी सिक्सर्स के लिए खेलते हुए बाबर को सिंगल लेने से मना किया था, ताकि वह खुद स्ट्राइक पर बने रहें। उस मैच में बाबर जल्दी आउट हो गए थे, जिससे यह मामला चर्चा में आया था। हालांकि, तब स्थिति अलग थी और स्मिथ अच्छे टच में थे।
बाबर और स्मिथ के बीच क्या विवाद था?
यह विवाद सिडनी थंडर और सिडनी सिक्सर्स के बीच मैच में सामने आया था। सिडनी सिक्सर्स के स्मिथ ने पारी के 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर बाबर को सिंगल लेने से मना कर दिया। बाबर ने धीमी बल्लेबाजी की थी। 11वें ओवर की शुरुआती दो गेंद में दो रन बने। इसके बाद बाबर ने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं बनाया। आखिरी गेंद पर बाबर आजम ने गेंद को लॉन्ग-ऑन की ओर खेला और सिंगल के लिए दौड़ पड़े, लेकिन नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूद स्टीव स्मिथ ने उन्हें वापस भेज दिया। बाबर निराश दिखे और ओवर समाप्त होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए हाथ हिलाए और स्मिथ से कुछ शब्द भी कहे। इसके बाद 12वें ओवर में सिडनी सिक्सर्स ने पावर सर्ज लिया। हालांकि, पावर सर्ज के दूसरे ओवर यानी 13वां ओवर बाबर के लिए भारी साबित हुआ और वह आउट हो गए। आउट होते समय बाबर भड़के और सीमा रेखा के कुशन पर बैट मारते हुए पवेलियन लौटे। वे 39 गेंदों पर 47 रन बनाकर लौटे और उनका स्ट्राइक-रेट मुश्किल से 120 से ऊपर था। बाद में स्मिथ ने खुलासा किया था कि पावर सर्ज की वजह से वह रन नहीं लेना चाहते थे।
क्या सच में रिवेंज था?
इस बार का मामला पूरी तरह अलग था। फरहान ने पहले कॉल किया, स्मिथ ने देर से प्रतिक्रिया दी और फिर फरहान ने रन से मना किया। यानी यह एक मिसकम्युनिकेशन था, न कि कोई प्लान्ड बदला। इसके बावजूद कुछ पाकिस्तानी फैंस इसे रिवेंज बताकर झूठी खुशी मना रहे हैं, जो हकीकत से काफी दूर है।
मैदान पर दोनों का दमदार प्रदर्शन
इस छोटी सी घटना के बावजूद स्मिथ का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 35 गेंदों में 53 रन बनाए और टीम को जीत दिलाई। मुल्तान ने 167 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। इस घटना के एक दिन बाद साहिबजादा फरहान ने 38 गेंद में 68 रन बनाकर मुल्तान को रावलपिंडी पर जीत दिलाई थी।

