जिला चिकित्सालय झाबुआ में कल एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु 14 वर्ष की बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया

झाबुआ।संजय जैन-सह संपादक। जिला चिकित्सालय झाबुआ में कल एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। शासन के निर्देशानुसार 14 वर्ष की बालिकाओं को चिन्हित शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। टीकाकरण लगभग 13 हजार बालिकाओं का किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. बघेल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र भायल, सिविल सर्जन डॉ. एम.एल. मालवीय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

टीका सुरक्षित एवं प्रभावी है                    

कार्यक्रम की शुरुआत जनजातीय सीनियर कन्या छात्रावास की छात्राओं को एचपीवी टीका लगाकर की गई। इस दौरान छात्रावास की वार्डन अंजना रावत भी उपस्थित थी। स्वास्थ्य अधिकारियों ने छात्राओं एवं उपस्थित अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, उसके दुष्प्रभाव तथा टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एस. बघेल ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिसे समय पर टीकाकरण के माध्यम से काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह टीका सुरक्षित एवं प्रभावी है तथा शासन द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

गंभीर बीमारी से सुरक्षित भविष्य प्रदान करें

जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र भायल ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं और उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित भविष्य प्रदान करें।

आइए,एचपीवी टीकाकरण कराएं और बेटियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं...

कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य विभाग द्वारा यह संदेश दिया गया कि आइए,एचपीवी टीकाकरण कराएं और बेटियों का भविष्य सुरक्षित बनाएं। शारदा विद्या मंदिर की 5 बालिकाओं तथा जनजातीय कन्या छात्रावास की 8 बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाकर शुरुवात की गई। इस प्रकार कुल 13 बालिकाओं को प्रथम दिवस टीकाकरण किया गया।