महावीर मंदिर में उमड़ी भीड़, 1200 मीटर लंबी कतार
पटना। बिहार में रामनवमी धूमधाम से मनाई जा रही है। पटना समेत हर जिले में प्रभु श्रीराम और बजरंग बली के जयकारे लग रहे हैं। अहले सुबह से ही मंदिरों में भीड़ उमड़ पड़ी है। पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालु 1200 मीटर लंबी लाइन में खड़े हैं। अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। महावीर मंदिर में गर्भगृह का पट रात के ढाई 7बजे खोला गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसी समय पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज पटना स्थित महावीर मंदिर में हनुमान जी के पट खुलने के दिव्य क्षण में सम्मिलित होकर विधिवत् पूजा-अर्चना का सौभाग्य प्राप्त हुआ। संकटमोचन हनुमान जी के चरणों में नमन कर सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
सीएम नीतीश कुमार ने रामनवमी पर क्या कहा?
सीएम नीतीश कुमार ने रामनवमी के अवसर पर कहा कि बिहार सरकार को ओर से मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर्व के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भगवान राम का जीवन पूरी मानव जाति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन मानव प्रेम, सद्भाव, सहनशीलता, त्याग-तपस्या एवं मर्यादा का प्रतीक है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में रामनवमी असीम भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। आप सभी पावन पर्व रामनवमी को प्रेम, भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।
24 हजार किलो नैवेद्यम बनाया जा रहा है
महावीर मंदिर न्यास के सचिव शायन कुणाल ने बताया कि इस बार महावीर मंदिर में खास तैयारी की गई है। 6840 किलो शुद्ध घी से नैवेद्यम तैयार किया जा रहा है। नैवेद्यम चौबीसों घंटे बन रहा है। 24 हजार किलो नैवेद्यम तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए तिरुपति से 80 कुशल कारीगर जुटे हैं। वीर कुंवर सिंह पार्क से लेकर मंदिर परिसर तक नैवेद्यम के लिए काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो, इसके लिए पेयजल, शेड, शौचालय और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है। पूजा के लिए अयोध्या से पुजारी बुलाए गए हैं।
श्रीराम चौक पर भव्य झांकी का आयोजन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि रामनवमी पर कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सांस्कृतिक एकता का संदेश जाता है। पटना में यह आयोजन लंबे समय से मनाया जाता रहा है। यात्रा को संगठित करने का प्रयास भी काफी समय से किया जा रहा है। श्रीराम चौक (डाकबंगला चौराहा) पर भव्य झांकी का आयोजन किया जाता है। पूरा वातावरण भक्तिमय बनाने के लिए सभी संकल्पित हैं। इस दौरान विभिन्न प्रकार की झांकियां देखने का अवसर मिलेगा, जिनमें अलग-अलग राज्यों के कलाकार भाग लेते हैं। नागपुर, झारखंड सहित अन्य राज्यों के बैंड भी इसमें शामिल होंगे।
कहां कहां से गुजरेगी 52 शोभा यात्रा?
पटना में इस बार कुल 52 शोभा यात्रा निकलेगी। यह यात्रा पटना साहिब स्टेशन, भद्रघाट, मालसलामी, मारूफगंज होते हुए निकलेगी। बाला जी परिवार सेवा संस्थान की ओर से शोभायात्रा बेगमपुर स्थित जल्ला महावीर मंदिर से आरंभ होगी। इधर, खाजपुरा शिवमंदिर, बोरिंग रोड चौराहा, बेली रोड, कंकड़बाग इलाके से भी शोभायात्रा निकलेगी।
ऐतिहासिक होगी इस बार की शोभा यात्रा
नितिन नवीन ने दावा कि इस वर्ष की रामनवमी शोभा यात्रा पटना में ऐतिहासिक और यादगार साबित होगी। इस बार की रामनवमी में प्रसिद्ध टीवी धारावाहिक रामायण में प्रभु श्री राम का चरित्र निभाने वाले अभिनेता व सांसद अरुण गोविल समेत प्रसिद्ध कलाकार एवं सांसद मनोज तिवारी भी शामिल होंगे। मुख्य मंच पर महामहिम राज्यपाल सैयद हसनैन के अलावे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा, बिहार सरकार में मंत्री, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी भी मंच पर शोभायात्राओं का अभिनंदन आरती उतार कर करेंगे । इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं रामनवमी शोभा यात्रा समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पटना के इन रास्तों पर नहीं चलेंगे वाहन, ट्रैफिक एसपी ने जारी कर दिया नया रूट प्लान
ट्रैफिक प्लान में भी बदलाव किया गया
लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं हो इसलिए यातायात प्रशासन की ओर से नया ट्रैफिक रूट प्लान जारी किया गया है। पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूट तय किया गया है। प्रसाद लेकर आने वाले श्रद्धालु वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी गेट (आर ब्लॉक के पास) से प्रवेश करेंगे और कतारबद्ध तरीके से जीपीओ गोलंबर होते हुए मंदिर तक पहुंचेंगे। दर्शन के बाद निकासी डाकबंगला या गोरियाटोली रोड की ओर से होगी। यातायात व्यवस्था के तहत आर ब्लॉक से जीपीओ और पटना जंक्शन की ओर किसी भी वाहन का परिचालन नहीं हो रहा है। महावीर मंदिर के आसपास और पटना जंक्शन गोलंबर से वीणा सिनेमा रोड तक सभी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। गोरियाटोली और करबिगहिया की ओर से आने वाले वाहनों को जमाल रोड दक्षिण से यू-टर्न लेकर वापस लौटना होगा। डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन के बीच वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद है। हालांकि, डाकबंगला होकर आने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग के रूप में एक्जीबिशन रोड से गोरियाटोली तक जा सकेंगे। मेट्रो निर्माण कार्य को देखते हुए जेपी गोलंबर से डाकबंगला जाने वाले जुलूस को स्वामीनंदन तिराहा, एसपी वर्मा रोड और न्यू डाकबंगला रोड से होकर गुजरने की अनुमति होगी। अदालतगंज रोड में पूरब से पश्चिम यातायात व्यवस्था वन वे रहेगा। वीरचंद पटेल रोड से अदालतगंज रोड में वाहन का प्रवेश बंद रहेगा।

