बिहार में दिनदहाड़े लूट की वारदात, युवक को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटने का आरोप
वैशाली। जिले के बलिगांव थाना अंतर्गत विजयपुरा गांव के समीप बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित युवक ने हमलावरों पर फायरिंग करने के साथ-साथ दो लाख रुपये की नकदी लूटने का भी आरोप लगाया है। यह वारदात उस वक्त हुई जब युवक बाजार से लौटते समय रास्ते में रुका हुआ था।
रास्ते में रुकते ही बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
घायल युवक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरियारपुर निवासी धनराज कुमार के रूप में हुई है। पीड़ित के मुताबिक, वह सकरा बाजार से कामकाज निपटाकर अपनी बाइक से घर वापस जा रहा था। विजयपुरा के पास लघुशंका के लिए रुकते ही दो बाइकों पर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया और गोलियां चला दीं। गोली लगने से धनराज के दोनों पैर जख्मी हो गए और वह वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े, जिन्हें देख अपराधी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने समय पर इलाज मिलने के बाद उसकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है।
चार आरोपियों पर केस दर्ज, लूट की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल में पीड़ित का बयान दर्ज कर दो नामजद और दो अज्ञात समेत कुल चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बलिगांव थानाध्यक्ष के अनुसार, गोलीबारी की घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, हालांकि शुरुआती छानबीन में दो लाख रुपये की लूट के दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और पूरे मामले की गहन पड़ताल जारी है।

