किसानों के खाते में कब आएंगे,किसान सम्मान निधि के 2-2 हजार रुपए ?- कब बढ़ेगी लाडली बहना योजना की राशि और मिलेंगे 3000 रुपए?

झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक।  प्रदेश के करीब 82 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 13वीं किस्त अगस्त 2025 में जारी हुई थी। इसके बाद किसान 14वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन पिछले लगभग एक साल से किसान सम्मान निधि को लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में किसान इस इंतजार में हैं कि योजना के तहत मिलने वाला 2-2 हजार रुपए मिलेगा या नहीं? राज्य सरकार योजना की 14वीं किस्त कब जारी करेगी?

वर्ष 2026-कृषक कल्याण वर्ष

किसान सम्मान निधि योजना की 14 वीं किस्त को संशय बरकरार है। हालांकि वित्त मंत्री व डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने नीमच के जावद में जहर मुक्त जीरो बजट कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में कृषि क्षेत्र के लिए 90 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान है। प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने किसान सम्मान निधि का भी उल्लेख किया था,उन्होंने कहा था कि किसानों के बैंक खातों में यह राशि पहुंचा रहे हैं।

क्या योजना बंद कर दी गई है?

लेकिन नवंबर 2025 के बाद से अभी तक राशि जारी नहीं की जा सकी। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या ये योजना बंद कर दी गई है...? अगर नहीं तो योजना की राशि कब आएगी और क्या दोनों किस्तों के पैसे एक साथ आएंगे...? फिलहाल ये तो आने वाला समय ही बता पाएगा। लेकिन सूत्रों की मानें तो पात्र किसानों की सूची का सत्यापन और तकनीकी प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं।

लगभग 82 हजार किसान पंजीकृत

किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 82 हजार किसान पंजीकृत है। संभावना जताई जा रही है कि अप्रैल के अंत या मई के पहले हफ्ते मुख्यमंत्री मोहन यादव सिंगल क्लिक के जरिए यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। योजना के अंतर्गत किसानों को हर साल 6000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है। जो 2-2 हजार रुपए के रुपए में तीन किस्तों में सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होती है।

कब बढ़ेगी लाडली बहना योजना की राशि और मिलेंगे 3000 रुपए?

लाडली बहना योजना मध्य की मोहन सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। जिसके तहत प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिमाह राशि जारी की जाती है। अप्रैल माह में 35 वीं किस्त 12 अप्रैल 2026 को सीहोर जिले के आष्टा से सीएम मोहन द्वारा सिंगल क्लिक के जरिए यह राशि जारी की गई थी। जिसके तहत प्रदेश की लगभग 1.25 करोड़ से अधिक बहनों को सीधा लाभ मिला था। सरकार का लाडली बहना योजना को लेकर विजन सिर्फ  वर्तमान तक सीमित नहीं है,बल्कि भविष्य के लिए भी बड़ा प्लान तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने साफ  तौर पर कहा था कि इस योजना के तहत मिलने वाली राशि को धीरे -धीरे बढ़ाया जाएगा  और इसे धीरे-धीरे 2028 तक बढ़ाकर 3000 रुपए प्रतिमाह तक पहुंचाया जाएगा। क्या राशि 3000 रुपए तक बढ़ाने की तैयारी..? बता दें कि योजना की शुरुआत पहले 1000 रुपए से हुई थी, फिर 1250 और अब 15 सौ रुपए हो चुके हैं। राजनीतिक सूत्रों की मानें तो आने वाले वर्षों में इसे 3000 रुपए तक बढ़ाने की तैयारी है। इससे यह साफ  है कि सरकार इस योजना को आने वाले समय में बढ़ा सकती है और निरंतर जारी रखना चाहती है।

कब आएगी 36 वीं किस्त?

लाड़ली बहना योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इस योजना के तहत 21 से 60 वर्ष तक की विवाहित महिलाओं को हर माह राशि दी जाती है। अब तक सरकार 35 किस्तों को जरिए सवा करोड़ लाडली बहनाओं के खातों में 54 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि अंतरित कर चुकी है। यह वजह है कि यह योजना एक सरकार की योजना ही नहीं है,बल्कि महिला के जीवन स्तर को सुधारने और उन्हें स्वावलंबी बनाने में मदद करती है और उनका आर्थिक आधार बन चुकी है। हर बार पैसा समय पर आ रहा है ऐसे में सरकार किसी प्रकार का कोई रिस्क नहीं लेना चाहती और इस भरोसे को बनाए रखने के लिए मई 10 से 15 के बीच राशि जारी कर सकती है। हालांकि इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।