भोपाल का अगला कलेक्टर कौन ? - सीईओ ने नर्मदा तट पर पेशाब करने वाले युवक को थप्पड़ मारा- नर्मदा मैया तो खुश हुई होंगी
प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक नोक-झोक पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश.. संजय जैन-सह संपादक की कलम से
भोपाल का अगला कलेक्टर कौन?

 

झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। सरकार के विश्वसनीय अधिकारियों में शुमार कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अगली पदस्थापना कहां होती है...? और उनकी जगह भोपाल का अगला कलेक्टर कौन होगा...? अब यह चर्चा चल पड़ी है। फिलहाल जिनकी चर्चा चल रही है उनमें जल निगम के एमडी केवीएस चौधरी कोलसानी,जो पहले नगर निगमायुक्त भोपाल रह चुके हैं,धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी और मंत्रालय में पदस्थ अपर सचिव दीपक आर्य के नाम शामिल हैं। आपको बता दे कि चर्चा तो कुछ और कलेक्टरों को बदलने की भी चल रही है।

सीईओ ने नर्मदा तट पर पेशाब करने वाले युवक को थप्पड़ मारा-नर्मदा मैया तो खुश हुई होंगी

नरसिंहपुर जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र नागर ने नर्मदा तट पर पेशाब करने वाले युवक को थप्पड़ मार कर किया तो गलत ही है,लेकिन पवित्र नदियों की पवित्रता बनाए रखने का काम अकेले प्रशासन का तो है नहीं है। क्षिप्रा,नर्मदा हो या गंगा हो सभी नदियों के घाट पर साबुन का उपयोग नहीं करने,कचरा नहीं डालने जैसी चेतावनी लिखी रहती हैं। इसके बावजूद लोग आदत से बाज नहीं आते। ऐसे में सीईओ नागर ने जो तरीका अपनाया उस के बाद नरसिंहपुर के लोगों में जागरूकता तो आ ही जाना चाहिए।

शिक्षकों को अब ऑनलाइन अवकाश सुविधा

अब शिक्षकों को छुट्टी के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने होंगे,बल्कि एक क्लिक पर उनकी छुट्टियां मंजूर हो जाएगी। इसमें आकस्मिक अवकाश-सीएल, ऐच्छिक अवकाश-ओएल,अर्जित अवकाश-ईएल,मेडिकल लीव और चाइल्ड केयर लीव-सीसीएल शामिल होंगी। जारी आदेश में निर्देशित किया गया है कि शिक्षकों को अब ईएल की सुविधा भी मिलेगी। 2008 के बाद से शिक्षकों को यह अवकाश मिलना बंद हो गए थे,अब वे साल में 10 ईएल ले सकेंगे। साथ ही अगर यह छुट्टियां बची रहती हैं तो रिटायरमेंट पर इनका नकदीकरण भी होगा। इसके अलावा जनवरी से विभाग के सभी अधिकारियों,कार्यालय के कर्मचारी और अकादमिक अमले-सीएसी, बीएसी आदि को भी ऑनलाइन उपस्थिति के दायरे में लाया जा रहा है। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी- डीईओ,जिला परियोजना समन्वयक-डीपीसी,बीईओ-ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर,बीआरसी-विकासखंड स्त्रोत समन्वयक, क्लर्क आदि पर यह नियम लागू हो जाएगा। सिर्फ चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी इसके दायरे से बाहर रखे गए हैं।

रतलाम में सीवरेज बजट मंजूरी में हुआ खेल

सरदारपुर के विधायक प्रताप ग्रेवाल ने रतलाम में सीवरेज के लिये बजट मंजूरी का प्रश्न उठाया था। जवाब में नगरीय प्रशासन, विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जो जानकारी दी थी,उसने तो नगर निगम की पोल ही खोल दी थी कि नगर निगम ने सरकार के अलग-अलग विभाग को एक ही योजना की जानकारी अलग-अलग जो दी थी। मंत्री विजयवर्गीय ने सदन में बताया कि नगर निगम सीवरेज योजना का टेंडर 120.54 करोड़ का था,जो 123.85 करोड़ का स्वीकृत हुआ था। तकनीकी समिति की प्रथम प्राइस ब्रेकअप रिपोर्ट में राशि को 122.75 करोड़ किया गया था। उसके बाद दूसरी रिवाइज्ड प्राइस ब्रेकअप शेड्यूल में राशि को बढ़ाकर 128.28 करोड़ कर दिया,लेकिन अक्टूबर 2022 को तीसरी रिवाइज प्राइस बैकअप शेड्यूल में कैपिटल कॉस्ट तथा संचालन और संधारण में बढ़त को सम्मिलित कर राशि बढ़ाकर 141.44 करोड़ कर दिया गया। टेंडर में दिए गए 53 हजार 273 मकान में से रेलवे और औद्योगिक क्षेत्र को हटाने के बाद कुल शहरी मकान की संख्या को 43 हजार 273 कर दिया। इससे ठेकेदार को टेंडर से 14.20  प्रतिशत अधिक राशि मिली और मकान की संख्या 10 प्रतिशत से कमी होने का अतिरिक्त लाभ भी उसे प्राप्त भी हुआ।

भीम बेटका में बनेगा रॉक आर्ट इको पार्क

यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट भीमबेटका में बनी 30 हजार साल पुरानी शैल-कलाएं अब पर्यटकों के लिए और अधिक सुलभ होने जा रही हैं। राज्य पर्यटन निगम यहां देश का पहला अस्थायी श्रॉक आर्ट ईको पार्क विकसित करेगा। 1.12 हेक्टेयर क्षेत्र में बनने वाले इस संग्रहालय का उद्देश्य भीमबेटका के सातों पहाडिय़ों में फैले सभी 750 से अधिक शैल चित्रों का अनुभव पर्यटकों को एक ही स्थान पर कराना है। इसकी अनुमानित लागत 19 करोड़ रुपए है और इसे वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस द्ब्रयूजियम में पारंपरिक भवन या हॉल नहीं बनेंगे,बल्कि अस्थायी सामग्री से भीमबेटका के मूल परिवेश जैसा ही ईको पार्क विकसित होगा, जहां पर्यटक डिजिटली इन्हें देख सकेंगे। एमडी-एमपी टूरिज्म डॉ.इलैया राजा टी की यह पहल वाला यह नया म्यूजियम इन सभी अनदेखे शैल चित्रों की रेप्लिका-हूबहू नकल को उनके मूल स्वरूप में प्रदर्शित करेगा,जिससे पर्यटक एक ही स्थान पर पूरे भीमबेटका का अनुभव कर पाएंगे।