फिर सुनें विजय गाथा-फिर से चर्चा में मंत्री प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक हल- चल पर अलग हट कर, संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश संजय जैन-सह संपादक की कलम से

भाजयुमो नगर अध्यक्ष के दावेदारों को मिश्रा की मीठी गोली पर भरोसा नहीं
झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। भाजयुमो के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने तो पदभार सम्हाल ही लिया है। उल्लेखनीय है कि अब इंदौर में अध्यक्ष कौन होगा....? नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा इंदौर दो नंबर से,विधायक रमेश मेंदोला के कोटे से साथ ही ब्राह्मण वर्ग से है। तब तो इस विधानसभा क्षेत्र के दावेदारों को तो यह सपना देखना ही नहीं चाहिए,ऐसा हमारा मानना है। सुमित मिश्रा की बातों पर दावेदारों और उनके संरक्षकों को रत्तीभर भी भरोसा इसलिये नहीं है कि नगर भाजपा कार्यकारिणी के गठन में,वो किसी नेता के भरोसे पर खरे नहीं उतरे थे। इंदौर एक नंबर विधानसभा से मलय दीक्षित,दो नंबर से रोहित चौधरी, निक्की राय,अक्षत चौधरी,तीन नंबर से महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कोटे से भावेश दवे,चार नंबर से विवेक गौड़ विधायक मालिनी गौड़ के भरोसे हैं,यहीं से प्रखर दवे भी कोशिश कर रहे हैं। राऊ से नयन दुबे को प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे का और रजत शर्मा को विधायक मधु वर्मा का भरोसा है।

फिर सुनें विजय गाथा-फिर से चर्चा में मंत्री

मंत्री विजय शाह अपने भाषण के कारण फिर से चर्चा में हैं। रतलाम के प्रभारी मंत्री के रूप में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान,उन्होंने लाड़ली बहनों को चेतावनी दी है कि सरकार अगर उन्हें करोड़ों रुपए दे रही है,तो लाड़ली बहनों को मुख्यमंत्री का सम्मान करने आना चाहिए और जो नहीं आएंगी,उनकी जांच पेंडिंग कर दी जाएगी। जब उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी से जिले में लाड़ली बहना योजना के लाभार्थियों की संख्या पूछी तो उन्हें लगभग ढाई लाख संख्या बताई गई। इस पर शाह का कहना था कि फिर कम से कम 50 हजार महिलाएं तो समारोह में आना ही चाहिए थी।

विधायक को ऐसी उम्मीद नहीं थी-काम करवाना हो तो करवाओ

छतरपुर जिले में बड़ामलहरा अनुभाग में पैंचवर्क के कार्य को देखकर विधायक रामसिया भारती का भड़कना स्वाभाविक था। उन्होंने ठेकेदार और एमपीआरडीसी अधिकारियों को फटकार लगाई कि इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि ठेकेदार ने अपनी भूल तो मानी नहीं, उसके उलट उसने विधायक को जवाब दे दिया कि काम करवाना हो तो करवाओ।

राज्यमंत्री के लिये मुसीबत बना भाई

खजुराहो में केबिनेट के चलते राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के सगे भाई अनिल को उन्हीं के शहर सतना में 45 किलो गांजे की तस्करी में पुलिस ने गिरफ़्तार किया और वो कुछ भी नहीं कर पाईं। इससे पहले उनके बहनोई शैलेंद्र सिंह भी तस्करी के मामले में पकड़े जा चुके हैं। यदि पुलिस ने उनके भाई को गिरफ्तार करने की हिम्मत दिखाई है,तो मान कर चलना चाहिए कि मंत्रिमंडल के फेरबदल में शायद बागरी की छुट्टी भी हो सकती है। संगठन में बड़े नेताओं के सामने राज्यमंत्री की पेशी भी हो चुकी है,उनसे पार्टी सरकार की छवि खराब होने से,कोई खुश  भी नहीं है । ऐसा साफ  प्रतीत हो रहा है कि बागरी अपने भाई के कारण,राजस्व मंत्री वर्मा विभाग की पुअर परफॉर्मेंस के चलते भूतपूर्व भी हो सकते हैं।

कोर्ट ने पीड़ा समझी लॉ स्टूडेंट की

सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के लॉ डिपार्टमेंट में शिक्षकों की कमी से 637 छात्र परेशान हैं। बीते डेढ़ साल से नियमित शिक्षकों की कमी व लगातार मांग के बावजूद सुनवाई नहीं होने से परेशान स्टूडेंट्स ने लगातार प्रदर्शन किए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। छात्रों ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की,अब इसे स्वीकार कर लिया गया है। हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने विश्वविद्यालय से जवाब तलब किया है। विश्वविद्यालय परिसर और शहर में भैंसें चराने वाले स्टूडेंट ने सरकार को यह संदेश दिया है कि बिना ज्ञान की डिग्री लेकर,तो हम सिर्फ  भैंस ही चरा सकते हैं। जब सुनवाई नहीं हुई,तब तो हमे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी ।

पातालपानी-कालाकुंड बनेगा हेरिटेज कॉरिडोर

रेल मंडल के अधिकारियों के साथ डीआरएम ने पातालपानी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया है। हेरिटेज ट्रेन से ट्रेक का निरीक्षण भी किया। रेल अधिकारियों के अनुसार हेरिटेज ट्रैक पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पातालपानी-कालाकुंड सेक्शन में ट्रैक को हेरिटेज कॉरिडोर बनाना तय हो गया है। यहा मीटर-गेज ट्रैक के साथ ही ब्रॉड-गेज ट्रेक साथ में डाला जाएगा। ब्रॉड गेज और मीटर गेज के रखरखाव के लिए सुविधाएं बढेंगी। हेरिटेज कॉरिडोर बनाने के दौरान दो सालों तक पातालपानी से कालाकुंड के बीच ट्रेन का संचालन बंद रखा जाएगा।

इत्ता बढ़ा मगरमच्छ

दमोह के तेंदुखेड़ा में वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में नौरादेही के अंदर बमनेर नदी के चकई घाट पर करीब 15 फीट लंबा विशालकाय मगरमच्छ धूप सेंकते नजर आया। यदि मीटर में लंबाई की बात की जाए तो यह करीब 4.57 मीटर लंबा मगरमच्छ था। डॉ.एए अंसारी-डिप्टी डायरेक्टर के मुताबिक सामान्यत: मगरमच्छ की लम्बाई 10से 13 फीट होती है,किन्तु कोई कोई मगरमच्छ इससे अधिक का भी हो सकता है। टाईगर रिजर्व में बड़े मगरमच्छ भी मौजूद हैं।