आवक शुरू होने से लौकी,पालक 20 रुपए किलो पर आई- दिसम्बर के आखिरी तक और गिरेंगे दाम
आवक शुरू होने से लौकी,पालक 20 रुपए किलो पर आई- दिसम्बर के आखिरी तक और गिरेंगे दाम
झाबुआ। संजय जैन-सह संपादक। जिले में मौसम में बदलाव और स्थानीय आवक शुरू होने से हरी सब्जियों के दाम में गिरावट आई है। स्थानीय सब्जियों में पालक, लौकी, भिंडी और बैंगन का फुटकर भाव 30 से 40 रुपए किलो तक आ गया है। जबकि नए आलू, गाजर के दाम 30 से 40 रुपए किलो है। वहीं एक सप्ताह पहले तक 60 रुपए किलो तक बिकने वाला प्याज,अब बाजार में 20 और 30 रुपए प्रति किलो बिकने लगा हैं। हालांकि टमाटर की आवक नहीं होने से टमाटर के दाम बढ़ गए हैं। एक सप्ताह पहले तक 30 रुपए किलो बिकने वाला टमाटर बढ़कर 60 रुपए प्रति किलो तक हो गया है। वहीं एक सप्ताह पहले 120 रुपए प्रति किलो बिकने वाला लहसुन अब 200 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है। इस समय सब्जियों में प्याज, लहसुन और टमाटर महंगा चल रहा है। वहीं अन्य हरी सब्जियों की आवक शुरू होने से उनके दाम कम हो गए हैं।
सर्दी बढ़ने के साथ ही बढ़ेगी आवक
शहर के थोक सब्जियों के विक्रेताओं ने बताया कि जैसे.-जैसे सर्दी बढ़ती जाएगी,सब्जियों की आवक बढ़ती जाएगी। स्थानीय आवक होने से हरी सब्जियों सहित अन्य सब्जियों दाम में भी गिरावट देखने को मिलेगी। सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी मात्रा में किसान स्थानीय मंडी में सब्जी बेचने आते हैं।
दिसम्बर के आखिरी तक बढ़ेगी नई लोकल सब्जियों की आवक
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि जिले में स्थानीय सब्जियों की आवक शुरू हुई है। स्थानीय किसानों ने अभी मैथी,पालक,धनिया, मिर्ची,गोभी लेकर आना शुरू ही किया है इसलिए दाम थोड़े ऊपर है। आने वाले दिनों में आवक तेज होने से हरी सब्जियों के दामों में और भी कमी देखने को मिलेगी। पुराने आलू के दाम और भी नीचे आ सकते दो सप्ताह में नए आलू की आवक बढ़ जाएगी,जिसके बाद इनके दाम भी कम हो जाएंगे।
एक नजर में हरी सब्जियों के दाम
सब्जी पहले अब
नया आलू 50-60 25-30
पुराना आलू 30 20
टमाटर 50 40
लौंकी 40 30
भिंडी 40 30
बैंगन 60 40
पत्ता गोभी 40 30
फूल गोभी 80 60
मैथी 60-80 20-30
पालक 40 20-30
अदरक 120 60-80
हरी मिर्च 100 60-80
हरी धनिया 60 30-40

