प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक हल-चल पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश संजय जैन-सह संपादक की कलम से
प्रदेश की राजनीतिक और प्रशासनिक हल-चल पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश संजय जैन-सह संपादक की कलम से
.साइकिल वाले कलेक्टर अशोकनगर ने पीछे छोड़ा 54 जिलों को, मुख्यमंत्री ने तो पहले वाले मुख्यमंत्रियों से बढ़त ले ली, ठाकरेजी की आत्मा को खंडेलवाल ने खुश कर दिया, पन्ना कलेक्टर ने सौ करोड़ का जुर्माना लगाया,स्टे जारी करने वाले डिस्ट्रिक जज सस्पेंड, उलझ गए सीधी कलेक्टर
झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। उज्जैन में हुए 21 जोड़ों के सामूहिक विवाह में बाकी बीस जोड़ों की एक तरह से तो किस्मत ही खुल गई। सीएम डॉ.मोहन यादव के पुत्र-बहू को आशीर्वाद देने आए एकाधिक मुख्यमंत्रियों, राज्यपाल,केंद्रीय मंत्रियो,मंत्रियों आदि से इन बीसो जोड़ो को भी ढेरो शुभकामनाएं मिल गयी। सैकड़ों वीआयपी के आगमन वाले इस सामूहिक विवाह की ऐसी स्मृतियां और गिफ्ट इन जोड़ों को भी सदैव याद रहना ही है। सादगी के मामले में मुख्यमंत्री यादव ने सामूहिक विवाह के इस निर्णय से पूर्ववर्ती मुख्यमंत्रियों के साथ ही कई दावेदारों से भी बढ़त तो ले ही ली है।
ठाकरेजी की आत्मा को खंडेलवाल ने खुश कर दिया
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वह कर दिखाया जो बाकी नेता नहीं कर पाए। सागर में भूपेंद्र सिंह और गोविंद राजपूत के बीच छत्तीस के आंकड़े की जानकारी तो शिवराज सिंह से लेकर वीडी शर्मा को भी थी,लेकिन इन नेताओं ने दोनों में सुलह की पहल कभी की ही नहीं। गौरतलब है कि सागर पहुंचे खंडेलवाल ने दोनों को अपने अगल-बगल में ही नही बैठाया बल्कि साथ में भोजन भी किया। दशकों से कुशाभाऊ ठाकरे की भाजपा कहने वाले नेताओं को खंडेलवाल ने बता दिया कि ठाकरेजी का नाम जपने से बेहतर है,उनकी भावना मुताबिक काम कर के दिखाया जाए।
साइकिल वाले कलेक्टर अशोकनगर ने पीछे छोड़ा 54 जिलों को
मध्य प्रदेश के 55 जिलों में अशोकनगर ऐसा पहला जिला हो गया है,जहां कलेक्टर आदित्य सिंह ने एसआईआर सर्वे में सबसे पहले 100 प्रतिशत डिजिटलाइजेशन का काम पूरा कर दिखाया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा 2014 बैच के अधिकारी आदित्य सिंह जिले में साइकिल वाले कलेक्टर के रूप में पहचाने जाते हैं। एसआईआर सर्वे के दौरान प्रदेश में कई कर्मचारियों की मौत हो गई और कई जगह से काम करने में काफी परेशानी की बातें सामने आई,लेकिन अशोकनगर प्रदेश में सबसे पहले 100 प्रतिशत डिजिटलाइजेशन का काम पूरा करने वाला जिला बन गया। हर दिन वीसी के माध्यम से हर मतदान केंद्र की समीक्षा की। साथ ही उन्होंने मैदानी अमले की मेहनत पर सतत निगरानी रखकर जिले को नंबर वन बनाया।
पन्ना कलेक्टर ने सौ करोड़ का जुर्माना लगाया,स्टे जारी करने वाले डिस्ट्रिक जज सस्पेंड
पन्ना के कांग्रेस नेता श्रीकांत दीक्षित के खिलाफ अवैध खनन मामले में कलेक्टर सुरेश कुमार ने दीक्षित पर करीब 100 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाते हुए कार्रवाई की थी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजाराम भारतीय ने इस कार्रवाई पर स्टे आर्डर जारी कर दिया। आपको बता दे कि कलेक्टर सुरेश कुमार के आदेश को स्थगित करने वाले पन्ना जिले के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजाराम भारतीय को मप्र हाईकोर्ट ने निलंबित कर दिया है। एक शिकायत में जिला जज राजाराम भारतीय पर गंभीर आरोप लगाए गए एवं हाईकोर्ट ने पाया कि निष्पक्ष जांच के लिए उन्हें पद से हटाया जाना जरूरी है। हाईकोर्ट की रजिस्ट्रार ने निलंबन आदेश जारी कर,उन्हें सभी न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों से स्थगित कर दिया है एवं उनके स्थान पर पन्ना के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज प्रदीप कुशवाह को आगामी आदेश तक प्रधान जिला न्यायाधीश का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
उलझ गए सीधी कलेक्टर
हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा की एकलपीठ ने पूर्व आदेश के बावजूद जवाब पेश न करने पर सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया है। दरअसल, सीधी निवासी सीता सिंह की ओर से दायर याचिका में आरोप लगाया गया था कि भूमि अधिग्रहण करते हुए पहले एक करोड 10 लाख 52 हजार रुपये का मुआवजा निर्धारित किया गया था। बाद में दूसरा आदेश जारी कर अवार्ड की राशि घटाकर पांच लाख 40 हजार रुपये कर दी गई। हाई कोर्ट ने सीधी कलेक्टर से इस संबंध में शपथ पत्र पर जवाब मांगा था,पेश किए गए जवाब में दूसरे आदेश संबंधी तथ्य नहीं थे। हाईकोर्ट ने माफी नामा स्वीकार करते हुए उन पर दस हजार रुपये का व्यक्तिगत जुर्माना लगाते हुए अवार्ड के संबंध में दूसरा आदेश पेश करने के संबंध में शपथ पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

