सर्दियों में खून गाढ़ा होने से बढ़ जाता है ब्रेन स्ट्रोक व ब्रेन हेमरेज का खतरा,समय-समय पर कराए ब्लडप्रेशर की जांच

ब्लड प्रेशर बढ़ने से तीस प्रतिशत तक बढ़ जाती है संभावना

झाबुआ। संजय जैन-सह संपादक। सर्दियों की शुरुआत होते ही मस्तिष्क-आघात-ब्रेन स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। हाइ ब्लड प्रेशर और खून के गाढ़ा होने की वजह से लोगों में ब्रेन स्ट्रोक या ब्रेन हेमरेज के मामले बढ़ने लगते हैं। जिले में तापमान गिर रहा है और आने वाले दिनों में ठंड का स्तर और बढ़ेगा।

ठंड के मौसम में बढ़ जाते हैं मरीज

आजकल मौसम में अचानक बदलाव और लोगों की लापरवाही उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि हर वर्ष सर्दियों में ब्रेन स्ट्रोक के मामलों में तेज बढ़ोतरी दर्ज की जाती है। इस वर्ष,अन्य वर्षों की तुलना में मामलों में लगभग 20 से 30 प्रतिशत वृद्धि देखी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार, पहले से हृदय-रोग से पीड़ित लोगों को खतरा अधिक होता है, क्योंकि ठंड के मौसम में हृदयाघात व अन्य हृदय संबंधी आपात स्थितियों की संभावना भी बढ़ जाती है।

हार्टअटैक का खतरा भी बढ़ता है

विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड में हार्टअटैक की संभावना 50 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। सीने में दर्द,अनियमित धड़कन, हृदय संक्रमण,अस्थमा तथा ब्रेन स्ट्रोक जैसी समस्याएं सर्दियों में अधिक दिखाई देती हैं। इसलिए विशेषज्ञ हृदय और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हैं।

ये न करें नजरअंदाज

मानसिक कार्य में बदलाव,सीने में दर्द, चक्कर आना, सूजन, धड़कन तेज,कम मूत्र आना,दौरे पड़ना,तेज सिरदर्द,चेहरा एक तरफ झुकना,बोलने में लड़खड़ाहट, हाथ-पैर में कमजोरी,दृष्टि में बदलाव या धुंधलापन दिखें तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।

ब्लडप्रेशर बढ़ने से तीस प्रतिशत तक बढ़ जाती है संभावना

सर्दियों में ब्रेन स्ट्रोक के मामले 20-30 प्रतिशत तक बढ़ जाते हैं और ब्रेन हेमरेज का खतरा दोगुना हो सकता है,विशेषकर बुजुर्गों और हाइ ब्लड प्रेशर वाले लोगों में। डॉक्टरों के अनुसार, सर्वाधिक मामले दिसंबर,जनवरी और फरवरी में दर्ज होते हैं। इसके पीछे पांच मुख्य कारण बताए जाते हैं। इन सभी कारणों से ठंड के मौसम में ब्रेन स्ट्रोक और हृदय की समस्याएं बढ़ जाती हैं।

पांच मुख्य कारण

-रक्त-नलिकाओं का संकुचन होना।
-पानी की कमी से खून का गाढ़ा होना।
-हार्मोनल परिवर्तन होना।
-शारीरिक सक्रियता में कमी होना।
-सुबह 6 से 10 बजे के बीच तेज तापमान गिरावट।
-लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।

इन फास्ट सूत्र से लक्षण की पहचान

- चेहरा क्या चेहरे का एक भाग लटक गया है.....?
- बांह क्या दोनों हाथ ऊपर उठाने में कठिनाई हो रही है....?
- बोलना क्या बात अस्पष्ट हो रही है....?
- समय लक्षण दिखते ही तुरंत अस्पताल पहुंचें।

तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें

सर्दियों में खून गाढ़ा होने से ब्रेन स्ट्रोक और ब्रेन हेमरेज की संभावना बढ़ जाती है। समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच आवश्यक है और चेहरे,हाथ या बोलने में किसी भी प्रकार का बदलाव दिखने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।

डॉ.एम किराड़- जिला अस्पताल, झाबुआ