प्रदेश के राजनैतिक और प्रशासनिक हल-चल पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश संजय जैन-सह संपादक की कलम से
प्रदेश के राजनैतिक और प्रशासनिक हल-चल पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश संजय जैन-सह संपादक की कलम से
छात्रों का डर भगा रहे हैं,उज्जैन कलेक्टर, भाई आयपीएस तो अब बहन आयएएस, अजित जोगी के पदचिन्हों पर चल पड़े वर्मा, महिला पटवारी ने मारा चांटा, आखिर,तोड़फोड़ का मुहूर्त निकल ही गया, जमीन हवाई अड्डे की,कब्जा महापौर का
छात्रों का डर भगा रहे हैं,उज्जैन कलेक्टर
झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। उज्जैन को तंत्र-मंत्र का शहर भी माना जाता है,ऐसे में उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह यदि छात्रों का डर भगाने का काम करे तो,चर्चा तो होगी ही। कलेक्टर जादू-टोना तो नहीं जानते,लेकिन वे तो अपने ज्ञान के प्रकाश से यह काम कर रहे हैं। 2015 बैच के आईएएस रोशन सिंह आईएएस का ख्वाब देखने वाले छात्रों की हर रविवार क्लास भी लेते हैं। इस एक घंटे की स्पेशल क्लास में वे यूपीएससी,पीएससी,एसएससी,बैंक और सेना में प्रवेश के साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को सिखा रहे हैं कि अनुशासन के साथ लक्ष्य को कैसे प्राप्त किया जाता है? इससे पहले वे विदिशा कलेक्टर थे,वहां भी समय मिलते ही हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के बच्चों को गणित,विज्ञान और कॉमर्स पढ़ाते थे।
भाई आयपीएस तो अब,बहन आयएएस
भोपाल की पल्लवी मिश्रा बिना किसी कोचिंग के यूपीएससी परीक्षा में 73वीं रैंक लाकर आईएएस अधिकारी बन गई हैं। सीनियर एडवोकेट अजय मिश्रा की बेटी पल्लवी की डॉ.रेणु मिश्रा एक सीनियर साइंटिस्ट हैं। उनके आईपीएस भाई आदित्य मिश्रा फिलहाल बालाघाट जिले के एसपी हैं। पल्लवी अपने शुरुआती प्रयास में यूपीएससी परीक्षा पास नहीं कर पाईं,लेकिन अपने दूसरे प्रयास में बिना किसी कोचिंग की मदद के 73 वीं रैंक हासिल की है। अभी वे नॉर्थ गोवा में असिस्टेंट कलेक्टर के पद पर पोस्टेड हैं।
अजित जोगी के पदचिन्हों पर चल पड़े वर्मा
इंदौर में कलेक्टर रहे और मप्र के विभाजन के बाद छत्तीसगढ़ के पहले सीएम बने अजित जोगी ने इंदौर जिले के गांवों में पहुंचने,ग्रामीणों की समस्या सुनने,रात्रि विश्राम गांव में ही करने की शुरुआत की थी। उनके पद चिह्नों पर अब कलेक्टर शिवम वर्मा भी चल पड़े हैं। कलेक्टर वर्मा भी संबंधित अधिकारियों के साथ बाइग्राम पंचायत के गांव गाजिन्दा पहुंच गए। बाइग्राम पंचायत जिले की ऐसी अनूठी पंचायत है,जहां गांव सरकार में सरपंच से लेकर पंच तक की सारी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में है। रात्रि चौपाल के दौरान लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनी। लोगों ने उन्हें पानी,सड़क, शिक्षा,आवास,खेती-बाड़ी सहित अन्य क्षेत्रों की मैदानी समस्याएं बताईं। रात करीब 8 बजे तक चली चौपाल में कलेक्टर वर्मा ने ग्रामीणों की परेशानी सुनी,साथ ही उचित निराकरण की बात कहीं।
महिला पटवारी ने मारा चांटा
सीहोर जिले के बुदनी के भैरूंदा गांव में महिला पटवारी ने एक युवती को थप्पड़ जड़ दिया। मामला यह है कि पांचोर की रहने वाली युवती साक्षी अपने मामा सुरेश के साथ हल्का पटवारी अंकिता धुर्वे के पास पहुंची। जब साक्षी ने समस्या बताई तो पटवारी अंकिता धुर्वे आनाकानी करने लगीं और काम को टालने लगीं। आवेदक ने जब कारण पूछा तो संतोषप्रद जवाब ना देते हुए,उसे थप्पड़ मार दिया। अब बात सीएम तक पहुंच गई है।
आखिर तोड़फोड़ का मुहूर्त निकल ही गया
मास्टर प्लान की 23 सड़कों के लिये जो पक्के निर्माण तोड़े जाने थे,इसकी रूप रेखा तो बहुत पहले तय हो गई थी। कलेक्टर, कमिश्नर, निगमायुक्त, प्राधिकरण सीईओ बदलने के बाद ही मुहूर्त निकला है। मास्टर प्लान वाली शहर की प्रमुख 23 सड़कें 24 मीटर,30 मीटर और 18 मीटर चौड़ी की जानी हैं। केंद्र और राज्य सरकार ने इन निर्माण कार्यों की राशि भी जारी कर दी है। जिन क्षेत्रों में चौड़ीकरण का अभियान चल रहा है,वहां के रहवासियों को बहुत पहले नोटिस दिए जा चुके हैं। जनप्रतिनिधि अभियान रुकवा तो नहीं सकते है,लेकिन प्रभावितों को अन्यत्र आवास दिलाने का आश्वासन तो दे ही सकते हैं। नगर निगम प्रशासन को यह आशंका भी थी कि अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को रोकने के लिए पीड़ित पक्ष की तरफ से हाई कोर्ट में अपील की जा सकती है,इसलिए निगम ने पहले से ही हाई कोर्ट में कैविएट दायर कर दी है।
जमीन हवाई अड्डे की,कब्जा महापौर का
सतना में प्रस्तावित हवाई अड्डे की जमीन का कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू हुई तो पता चला कि,यह जमीन तो महापौर योगेश ताम्रकार और अन्य 70 लोगों के नाम से दर्ज है। हवाई अड्डे की जिन जमीनों को विधि विपरीत निजी कर दिया गया था,उन्हें वापस शासकीय करने नोटिस तामील करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। एसडीएम ने महापौर सहित इन सभी लोगों को नोटिस तामिल किये हैं। अब महापौर और बाकी लोगों से जमीन का कब्जा लेने की कार्रवाई चल रही है।

