सड़क की खुदाई के बाद पाइप डाले,रोड की लेवलिंग में देरी,हम तो नारकीय जीवन जी रहे-लोग बोले

3 महीनों से खुदी पडी है सड़क, पाइप लाईन डालने के नाम पर खोदी गई थी-मोहल्लेवासियों को निकलने में हो रही परेशानी

झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक।  नगर में पाइप लाइन के माध्यम से पानी सप्लाई हेतु कार्य अमृत योजना 2.0 के तहत राजवाडा परिसर के अंदर,जगमोहनदास मार्ग सहित कई जगहों पर जल प्रदाय की नई लाइन डालने के लिए मुख्य सड़क को जेसीबी द्वारा लगभग 3 माह पहले खोदा गया था। नपा ने न तो यहाँ का दौरा किया है न ही इसके लिए कोई कार्य योजना ही बनाई है। पानी की टंकी से जगमोहनदास मार्ग,राजवाडा परिसर के अंदर वाले रोड पर जल प्रदाय की नई लाइन के काम ने लोगों का जीवन नरक बना दिया हैं। पहले लंबे समय तक गड्ढे खुदे रहे, फिर यहां पाइप डालने के बाद मिट्टी भर दी,लेकिन लेवलिंग नहीं की गई है। हालात यह है कि मुख्य रोड तो चलने लायक नहीं बचा हैं। जगमोहनदास मार्ग के रहवासियों ने 14 नवंबर को इस नारकीय जीवन से बचने हेतु खस्ताहाल रोड के विरोध में हस्ताक्षर करके,एक आवेदन नगर पालिका सीएमओ को भी दिया है।

आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा

दीपावली के दो माह पूर्ण यह सीसी सडक खोदी गई थी,पर आज तक ठीक नहीं की गई है।  जहां शादी या अन्य आयोजन है,वे तो सड़क की हालत देख गुस्सा होने लगे, क्योंकि पूरा काम ही चौपट हो गया। लोग तो क्या आएंगे,जब सामान लाने ले जाने में ही दिक्कत हो रही हैं। कब अफसर यहां दौरा करेंगे और कब ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने के निर्देश देंगे...? कोई सुध नहीं ले रहे हैं। ठेकेदारं द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई है,लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें बिना मरम्मत के छोड़ दिया गया है। जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाएं,बच्चे और बुजुर्ग घरों में कैद हो गए हैं। जरूरी काम के लिए ही पुरुष मिट्टी के ढेर,गड्ढों को कूदकर अपने घर एवं कार्यालय पहुंच रहे हैं। छात्रों और मरीजों को घर से बाहर निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।  स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है,कोई सुनने वाला नहीं है।

हो सकती है कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना-बैंक कर्मचारी

राजवाडा परिसर के अंदर २ मुख्य बैंक भी है। बैंकों में आने वाले ग्राहक अपनी टू व्हीलर तक खडी नही कर पा रहे है। कोई ग्राहक जैसे तैसे वाहन खडा कर भी देता है तो उनके वाहन आये दिन उबड खाबड रोड होने के कारण गिरकर क्षतिग्रस्त हो रहे है। नाम न छापने की शर्त पर बताया कि राजवाडा परिसर के बैंक कर्मचारियों ने बताया कि बुजुर्ग व अन्य ग्राहक बैंक में प्रवेश करते समय भी गिर जाते है,जिसकी ओर कोई देखने वाला नहीं है।  इससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

क्या इसे गुड गवर्नेंस कहते है ?

यदि नगर पालिका समय रहते हमारे आवेदन के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं करता है तो हम इसकी शिकायत जनसुनवाई में कलेक्टर से भी करेंगे। सीएमओ ने कोई संतोषप्रद जवाब तक नहीं दिया। क्या इसे गुड गवर्नेंस कहते है.....?

हस्तीमल संघवी- रहवासी,जगमोहनदास मार्ग

नपा से वसूलेंगे

पाइपलाइन बिछाने का कार्य कम गहराई पर और बिना मानक गुणवत्ता के किया है, जिसमें भारी अनियमितताएं हैं। जगमोहनदास मार्ग के रहवासी चंदा एकत्रित करके सड़क को सुधरवाएँगे,इसमें होने वाले समस्त खर्च को हम नपा से वसूलेंगे।

जयेश संघवी- रहवासी,जगमोहनदास मार्ग

पड रहा बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर

सडक से काफी धूल उड़ती है जिससे बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। बच्चे स्कूल जाने हेतु परेशान हो रहे है। घर और दुकान में धूल का अंबार लग जाता है,जैसे साफ  करने हेतु प्रतिदिन काफी मेहनत करनी पड रही है।

उल्लास जैन- रहवासी, जगमोहनदास मार्ग

दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई

सड़कों की खराब हालत के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। इससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

कमलेश कोठारी- रहवासी,जगमोहनदास मार्ग

सामना करना पड़ रहा,घर से बाहर निकलने में काफी दिक्कतों का

जरूरी काम के लिए ही पुरुष मिट्टी के ढेर,गड्ढों को कूदकर अपने घर एवं कार्यालय पहुंच रहे हैं। छात्रों और मरीजों को घर से बाहर निकलने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

हेमेंद्र संघवी- रहवासी,जगमोहनदास मार्ग

हो सकती है बड़ी दुर्घटना

बुजुर्ग व अन्य ग्राहक बैंक में प्रवेश करते समय भी गिर जाते है,जिसकी ओर कोई देखने वाला नही है।  इससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

बैंक कर्मचारी

जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा

कार्य राशि मिलने के अनुसार किए जा रहे हैं। अधोसंरचना मद की राशि शासन स्तर से प्राप्त नहीं हुई है,लेकिन अब जल्द ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

मिलन पटेल सीएमओ,झाबुआ