प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक नोक-झोक पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश संजय जैन-सह संपादक की कलम से

चप्पल की माला वाली पार्षद, मेट्रो की चिंता पार्किंग की नहीं, बीआरटीएस नहीं भूलेगा कोडवानी को, राजधानी में पहली हाइड्रोलिक पार्किंग, जबलपुर को मिलेगा नर्मदा तट पर बन रहे विश्वस्तरीय ग्लास ब्रिज की सौगात, एमपी की थर्ड पोजिशन, बड़वानी में ग्रीन कमांडो मिशन, ऐसा क्यों कर डाला

चप्पल की माला वाली पार्षद
 

झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक।  देवास नगर निगम वार्ड क्रमांक 24 की भाजपा पार्षद रितु सावनेर परिषद की बैठक में चप्पलों की माला पहनकर शामिल हुईं। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से सवाल-जवाब किए लेकिन उन्हें संतोष जनक जवाब नहीं मिले। उनका आरोप था कि काफी समय से मेरे वार्ड में नाली और पानी की समस्याएं व्याप्त हैं। जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से इस बारे में कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपने वार्ड की समस्याओं को लेकर कई बार निगम अधिकारियों को अवगत करा चुकी हूं लेकिन उनकी शिकायतों का कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने अधिकारियों पर भ्रष्ट और कामचोर होने का आरोप भी लगाया।

मेट्रो की चिंता पार्किंग की नहीं

इंदौर में मेट्रो के सरकार के संकल्प को पूरा करने वाले मुंबई की लाइफ लाइन लोकल ट्रेन में सफर कर लेते तो,ऐसी भूल नहीं वे शायद ही करते। जिस दिन मेट्रो का उद्घाटन हुआ तब से अब तक 17 किमी मेट्रो क्षेत्र में 17 स्टेशन और बाकी कार्यों की प्रगति देखने हर सप्ताह आने वाले एमडी एस कृष्ण चैतन्य को यह ख्याल ही नहीं आया कि मेट्रो स्टेशनों के साथ वाहन पार्किंग भी होना चाहिए। मुंबई-दिल्ली में मेट्रो स्टेशन के साथ दो पहिया,चार पहिया वाहनों की पार्किंग के लिये भरपूर जगह रहती है। यहां तो हाल यह है कि पार्किंग स्पेस तय ही नहीं है,अब प्राधिकरण से ग्रीन बेल्ट की जमीन स्टेशन पार्किंग के लिये मांगी जा रही है।

बीआरटीएस नहीं भूलेगा कोडवानी को

अंतत बीआरटीएस उखड़ना शुरु हो गया है। तत्कालीन कलेक्टर विवेक अग्रवाल ने जब तीन सौ करोड़ की लागत से 11 किमी वाली बीआरटीएस योजना को अंजाम दिया था,तब आज के जनप्रतिनिधियों में से अधिकांश ने भी आरती के थाल सजाये थे। उस वक्त नक्कारखाने में तूती के समान विरोध की एकमात्र आवाज सामाजिक कार्यकर्ता किशोर कोडवानी की थी। उनके विरोध के कारण ही,यह मामला 12 वर्षों से कोर्ट में चल रहा था। तब कोर्ट में इसका समर्थन करने वालों में सरकारी वकील भी थे। अब जब बीआरटीएस हटाया जा रहा है,तब इसका श्रेय लेने की होड़ भी मची हुई है तो ऐसे में टूटता बीआरटीएस और शहर के लोग किशोर कोडवानी को भूल जाएं यह संभव नहीं है।

राजधानी में पहली हाइड्रोलिक पार्किंग

राजधानी भोपाल के व्यस्ततम क्षेत्र बिट्टन मार्केट के सब्जी हाट क्षेत्र में हाइड्रोलिक पार्किंग विकसित की जाएगी। 15 हजार वर्ग मीटर में बनने वाली शहर की पहली हाइड्रोलिक पार्किंग नगर निगम पीपीपी मॉडल पर बनाएगा,अनुमानित प्रोजेक्ट मूल्य 15.20 करोड़ तक होगा। इसके बनने के बाद रोज पहुंचने वाले 1.5 लाख ग्राहकों को परेशानियों से मुक्त करने का काम करेगी।

जबलपुर को मिलेगा नर्मदा तट पर बन रहे विश्वस्तरीय ग्लास ब्रिज की सौगात

जबलपुर में नर्मदा के विहंगम दृश्यों को और करीब से देखने और उसकी सुंदरवादियों को निहारने के लिए जल्द ही पर्यटकों को नई सौगात मिलने वाली है। न्यू भेड़ाघाट में बहुप्रतिक्षित केंटीलीवर ग्लास ब्रिज नए साल में बनकर तैयार होने की उम्मीद है। एमपीटी द्वारा बनवाए जा रहे इस ग्लास ब्रिज के ऊपर से सैलानी नर्मदा के सौंदर्य को और करीब से निहार सकेंगे। यह ग्लास ब्रिज 4.76 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है। इसकी लंबाई 18 मी.-59 फीट,चौड़ाई 2.10 मी.6 फीट 10 इंच होगी। ब्रिज स्टील फ्रेम का बनाया जा रहा है,जिसमें ग्लास फ्लोर लगाया जाएगा।

एमपी की थर्ड पोजिशन

सरकार के लिये यह चिंतन का विषय हो सकता है कि प्रदेश के 463 सरकारी स्कूलों में किसी बच्चे का एडमिशन ही नहीं हुआ है। मप्र ऐसा तीसरा राज्य है,पहला राज्य पश्चिम बंगाल और दूसरा राज्य तेलंगाना है। सरकारी रिपोर्ट की बात करें तो प्राथमिक स्तर पर दो साल पहले शून्य प्रवेश वाले 470 स्कूल थे,जिनकी संख्या घट कर पिछले  साल 370 हो गई थी।

बड़वानी में ग्रीन कमांडो मिशन

संभागायुक्त रहे दीपक सिंह ने संभाग के जिलों में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर शुरु किए थे। बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह ने भी ग्रीन कमांडो मिशन की शुरुआत की है। मप्र में अपने तरह के इस पहले मिशन में कलेक्टर खुद स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य अमले के साथ गांवों में जा रही हैं। ग्रामीण महिलाओं,बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण होता है,उपचार किया जाता है। ग्रीन कमांडो मिशन का पहला शिविर सितंबर के दूसरे सप्ताह में लगा था,इसके सुखद परिणाम से जिला प्रशासन उत्साहित है।

ऐसा क्यों कर डाला?

राजस्थान कुमावत क्षत्रिय समाज का दीपावली मिलन और अन्नकूट महोत्सव तो सम्पन्न हो गया है,लेकिन कई लोग एक दूसरे से पूछ तो रहे ही हैं कि नानूराम ने ऐसा किया ही क्यों ? सात समंदर पार मैं तेरे पीछे-पीछे आ गई और यम्मा-यम्मा जैसे फिल्मी गानों की तेज धुन पर मंच पर थिरकते बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष नानूराम कुमावत के विरुद्ध राष्ट्रीय कुमावत महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज कुमावत ने मोर्चा खोल दिया है। वॉयरल हुए वीडियो से समाज में मची खलबली के बीच नीरज ने समाज के मंच पर फूहड़ता और अश्लीलता परोसने का गंभीर आरोप लगा दिया है। हालांकि नानूराम का कहना है किबेवजह के आरोप लगाए जा रहे हैं,फूहड़ता जैसी कोई बात ही नहीं थी।