9 से 12वीं तक दो सत्र में परीक्षाएं शुरू,अभिभावकों को दिखाई जाएगी कॉपी

झाबुआ। संजय जैन-सह संपादक। शासकीय स्कूलों में सोमवार से अर्धवार्षिक परीक्षा की शुरुआत हो गई र्है । पहले सत्र में कक्षा 9वीं से 11वीं और दूसरे सत्र में 10वीं,12वीं कक्षा की परीक्षा हुई। इस साल यह परीक्षा एक माह पहले आयोजित की जा रही है, क्योंकि वार्षिक परीक्षा में फरवरी माह से शुरू हो जाएगी।

कोर्स पूरा करना चुनौती

शासकीय स्कूलों में अभी तक करीब 50 से 60 फीसदी कोर्स ही पूरा हो गया है। फरवरी माह से परीक्षा की शुरुआत होने से शिक्षकों के सामने कोर्स पूरा करने की चुनौती है। अधिकांश शासकीय स्कूलों में विशेष विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी होने से पद खाली है तो कुछ जगह पर अतिथियों के भरोसे यह व्यवस्था चल रही है।ऐसे में विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम पर इसका असर होगा।

अभिभावकों को दिखाई जाएगी कॉपी

बोर्ड परीक्षा का परिणाम सुधारने के लिए शासन द्वारा बोर्ड की तर्ज पर ही प्रश्न पत्र तैयार कराए गए। परीक्षा परिणाम के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी उत्तर पुस्तिकाएं दिखाई जाएंगी। जिसमें यह बताया जाएगा कि किस प्रश्न का गलत उत्तर लिखा गया है एवं किस विषय में विद्यार्थी कमजोर है। उसके हिसाब से ही आगे की रणनीति बनाकर कमजोर बच्चों को अतिरिक्त कक्षाएं लगाकर पढ़ाया जाएगा। अगर बच्चों ने अच्छे नंबर आए है तो उनकी कॉपी भी अभिभावकों को दिखाने के आदेश है।