प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक नोक-झोक पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश संजय जैन-सह संपादक की कलम से
अनूठा आदेश-अभी तो अंधाश्रम में सेवा कीजिए मंत्री सिंधिया को सांसद का झटका...तुलना भी तुगलक से......फिर बनाया ही क्यों था फ्लाईओवर? -साइलेंट मोड में दौड़ेगी मेट्रो कर्नाटक नहीं,अब कटनी को याद रखिये मैयाजी को चढ़े नीबू,बहुत काम के धीरेंद्र शास्त्री की नवंबर से दस दिनी पदयात्रा
अनूठा आदेश-अभी तो अंधाश्रम में सेवा कीजिये
झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। ग्वालियर हाईकोर्ट ने एक अनूठा आदेश जारी किया है। न्यायमूर्ति आनंद पाठक और न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र यादव की खंडपीठ ने एक वकील को माधव अंधाश्रम में सामाजिक सेवा का निर्देश दिया है। यह मामला सुशील वर्मा बनाम मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम से जुडा़ है। अपीलकर्ता के वकील प्रशांत शर्मा की लगातार अनुपस्थिति के कारण मूल याचिका खारिज कर दी गई थी। यह याचिका पदोन्नति से जुड़ी थी और पिछले दस सालों से लंबित थी। कोर्ट ने कहा कि वकील की गलती का खामियाजा पक्षकार को नहीं भुगतना चाहिए। साथ ही न्यायालय ने कहा कि कोर्ट की प्रक्रिया की अवहेलना को हल्के में नहीं लिया जा सकता,इसलिए कोर्ट ने वकील को निर्देश दिया कि वे माधव अंधाश्रम में एक घंटा बिताएं। वकील को वहां के वंचित बच्चों के साथ समय बिताना होगा। साथ ही उन्हें 10 हजार रुपए की खाद्य सामग्री और नाश्ता भी देना होगा।
मंत्री सिंधिया को सांसद का झटका
केंद्र सरकार ने ग्वालियर के कायाकल्प का जिम्मा केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को क्या सौंपा,ग्वालियर में राजनीतिक तनातनी भी सामने आने लगी। सिंधिया ने समीक्षा बैठक रखी तो विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर का खेमा पूरी तरह नदारद रहा था,साथ ही बैठक में ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह भी नहीं पहुंचे थे। इधर,सिंधिया ग्वालियर में बैठक ले रहे थे,जबकि ग्वालियर सांसद भारत सिंह कुशवाह ने शिवपुरी के पोहरी के चूना खो में कार्यकर्ताओं की बैठक ले रहे थे। वैसे ग्वालियर के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट हैं जरूर,लेकिन उनकी चलती होती तो सिंधिया को अपने हाथ में जिले के विकास की बागडोर थामना ही नही पड़ती।
तुलना भी तुगलक से
बिजावर सीट से विधायक रहे भाजपा नेता पुष्पेंद्र नाथ पाठक ने खजुराहो सांसद वीडी शर्मा की तुलना की भी तो तुगलक से। वीडी शर्मा के प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल का जिक्र करते हुए उनके जन्मदिन पर पाठक ने कुछ इस अंदाज में शुभकामनाएं दी,जिसकी चर्चा भोपाल तक हुई। पाठक ने शुभकामनाएं देते हुए वीडी की तुलना मुहम्मद बिन तुगलक से करते हुए लिखा कि उन्होंने छतरपुर में सुल्तान बनने के बाद चमड़े के सिक्के चलवा दिए। उन्होंने तुगलक से तुलना इसलिए की क्योंकि उनके कार्यकाल में संगठन का कचरा हो गया और करीबियों को उपकृत किया गया।
फिर बनाया ही क्यों था फ्लाईओवर?
धार शहर के बाहरी हिस्से से गुजरते नागदा-गुजरी फोरलेन पर 7 साल पहले एमपीआरडीसी ने 10 करोड़ रुपए खर्च कर फ्लायओवर बनाया था। अब इसे तोड़ना पड़ रहा है क्योंकि यह रेलवे लाइन में अब बाधा बन गया है। रेलवे इसे तोड़कर 120 करोड़ रुपए खर्च कर अब 600 मीटर लंबा नया आरओबी बनाएगा। यानी सरकारी पैसे की बर्बादी तीन गुना बढ़ गई। सवाल उठ रहा है कि फ्लाईओवर बनाते समय इसकी ऊंचाई और लंबाई का ध्यान क्यों नहीं रखा गया?
साइलेंट मोड में दौड़ेगी मेट्रो
भोपाल में एम्स से लेकर हबीबगंज और इसी तरह के आबादी व संवेदनशील क्षेत्रों में मेट्रो साइलेंस मोड में दौड़ेगी। यहां मेट्रो को साउंड प्रूफ करने के लिए लाइन से चार मीटर ऊंचाई तक एक्रेलिक बैरियर स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए अगले महीने से काम शुरू होगा। जब मेट्रो 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ेगी तो आसपास के क्षेत्रों में न तो मेट्रो की आवाज पहुंचेगी न ही इससे उत्पन्न होने वाला कंपन महसूस होगा। गौरतलब है कि मेट्रो को साउंड प्रूफ करने के लिए मेट्रो रेल कारपोरेशन ने बकायदा अध्ययन कराया था।
कर्नाटक नहीं,अब कटनी को याद रखिये
प्रदेश का कटनी जिला अब और समृद्ध बन जाएगा। यहां की इमलिया गोल्ड माइंस में सोने का बडा भंडार मिला है। खदान से जल्द ही स्वर्ण खनन शुरू हो जाएगा। सोमवार को कलेक्टर आशीष तिवारी और प्रोस्पेक्ट रिसोर्स मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर अविनाश लांडगे के मध्य गोल्ड ब्लॉक की माइनिंग लीज का एमओयू भी हो चुका है। मुम्बई की इस कंपनी को 50 साल के लिए खनिज पट्टा दिया गया है। इसी के साथ कटनी जिला वैश्विक स्वर्ण खनन मानचित्र पर स्थापित हो गया है। देश में अभी केवल कर्नाटक में ही गोल्ड माइनिंग हो रही है। अब मध्यप्रदेश में भी सोने का खनन शुरू हो जाएगा। इमलिया गोल्ड माइंस में 14 लाख टन मिनरल्स का अनुमान है।
मैयाजी को चढ़े नीबू,बहुत काम के
भोपाल में पहली बार दुर्गा प्रतिमाओं पर चडे नींबू से बायो एंजाइम बनेगा। नवरात्रि में 2 टन से ज्यादा नींबू इकट्ठा हुए हैं। इससे करीब 10 हजार लीटर स्प्रे तैयार हो रहा है। इसमें संतरे के छिलके और सडे गुड को भी मिलाया जाएगा,फिर तालाब-कुंड में डाला जाएगा। ताकि,कुंड का पानी साफ और स्वच्छ हो सके। बायो एंजाइम से जल शुद्धिकरण की यह पहल एक्सपर्ट की देखरेख में हो रही है।
धीरेंद्र शास्त्री की नवंबर से दस दिनी पदयात्रा
बागेश्वर धाम वाले पंडित धीरेंद्र शास्त्री फिर पैदल यात्रा पर निकलने वाले हैं। हिंदुओं को एकजुट करने के लिए दिल्ली से वृंदावन तक 150 किलोमीटर की उनकी 10 दिवसीय पदयात्रा 7 से 16 नवंबर तक आयोजित की जाएगी।उन्होंने कहा कि लव जिहाद और नेपाल की तरह जेन-जी आंदोलन की साजिश जैसे कृत्यों को रोकने और हिंदुओं को जगाने के लिए वे पूरे देश में पदयात्राएं करते रहेंगे।

