त्योहारी सीजन में होम डेकोरेशन के सामान की दुकानें सजीं,स्कीम दें रहे दुकानदार
बाजार में रंग-बिरंगी लाइटें,इलेक्ट्रिक रंगीन झालर,झूमर और परदों की खरीदारी बढ़ी
झाबुआ। संजय जैन-सह संपादक। नवरात्र के चलते बाजारों में रौनक बढ़ी देखी जा रही है और दीपावली के स्वागत की तैयारियां भी दुकानों पर दिखने लगी हैं। खासतौर से इलेक्ट्रिक रंगीन झालर में खरीदारों की भीड़ देखी जा रही है। शहर में एक दर्जन से अधिके इलेक्ट्रिक रंगीन झालर दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों पर इस बार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष डिजाइन की इलेक्ट्रिक रंगीन झालर और स्कीम पेश की जा रही हैं।
बाजार सज-धज कर तैयार
त्योहारों के सीजन में शहर का होम डेकोरेशन बाजार सज-धज कर तैयार है। दुकानदारों ने खास डिजाइन की सामग्री उपलब्ध कराई है और ग्राहकों को विशेष स्कीमें दी जा रही हैं। नवरात्र से दीपावली तक बाजारों की चहल-पहल लगातार बढ़ेगी और खरीदारी का ये सिलसिला हर दिन नए रिकॉर्ड बनाएगा। दुकानों पर इस बार जो सामग्री सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है,उनमें एलइडी झूमर और क्रिस्टल लाइट्स, वॉलपेपर, पेंटिंग्स, डेकोरेटिव पर्दे और कुशन कवर,हैंडमेड शोपीस और मेटल आर्ट,फर्निशिंग वॉल स्टिकर्स,इलेक्ट्रिक रंगीन झालर और आर्टिफिशियल फ्लॉवर मुख्य हैं। दुकानदारों का कहना है कि हर साल नवरात्रि से दीपावली तक सजावटी लाइट की बिक्री दोगुनी हो जाती है। इस बार हमने नए डिजाइन के झूमर और क्रिस्टल लाइट्स मंगवाई हैं। ग्राहकों को पिछले साल के रेट पर ही बेच रहे हैं।
ग्राहक अभी से खरीद रहे सजावटी सामान
शहर के लोग अपने घरों को त्योहारों पर सजाने में खूब खर्च करते हैं। रंग बिरंगी आर्टिफिशियल लाइट की सबसे ज्यादा मांग है। ग्राहक अभी से सजावट के सामान की खरीदी कर रहे है। जिससे उन्हें उनके मन पसंद कलर की सीरीज लाइट झूमर मिल सके।
ऑफर दें रहे दुकानदार
बाजार में खूब विकल्प हैं और दुकानदार भी स्कीम दे रहे हैं। स्कीमों से खरीद में राहत मिलती है। त्योहार पर दुकानों में नए डिजाइन और अच्छे ऑफर मिल रहे हैं, जिससे खरीदारी का मजा दोगुना हो गया है।
खरीदारी का मजा ही कुछ और ही है
सामान के वाजिब दाम हम हर साल दीपावली से पहले नवरात्रि में नए पर्दे और सजावटी सामान खरीदते हैं। इस बार दुकानों पर अच्छे डिजाइन के सामान वाजिब दाम में मिल रहे हैं। जिससे खरीदारी का मजा ही कुछ और ही है।
यश शर्मा- ग्राहक
दीपावली तक पूरी तरह सज जाएंगे घर
युवा ग्राहक मॉडर्न डिजाइन के शोपीस और एलइडी झालरों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। ग्राहक नवरात्र से ही खरीदारी शुरू कर देते हैं,ताकि दीपावली तक घर पूरी तरह सज सके।
नरेंद्र संघवी-नरेंद्र एजेंसी,झाबुआ

