करे कौन और भरे कौन.....? यह कैसा न्याय...?-एक कर्तव्यनिष्ठ पटवारी के साथ बेवजह किया अन्याय
प्राचार्य को बचाने हेतु निर्दोष पटवारी की बलिचढ़ा दी-पटवारियों में आक्रोश,तीन दिन का दिया अल्टीमेटम-क्या मातृ शक्ति कलेक्टर प्रकरण को संज्ञान में लेकर न्याय करेगी...?
झाबुआ/मेघनगर। संजय जैन-सह संपादक। जिले के मेघनगर अनुभाग के ग्राम चेनपुरा एकलव्य मॉडल स्कूल के छात्रों एवं छात्राओं के एक दल प्राचार्य के खिलाफ गत 19 सितंबर को पैदल मार्च करते हुए,अपनी पीड़ा और परेशानी कलेक्टर को अवगत कराने निकला ही था,इसकी भनक जैसी ही जिम्मेदारों को लगी वैसे ही तुरन्त अधिकारी मौके पर छात्रों को समझाने के लिए पहुंच गए थे। कुछ छात्रों के साथ उनके अभिभावक भी थे। छात्रों का इस पैदल मार्च का एक ही उद्देश्य था कि प्राचार्य की शिकायत कलेक्टर तक पहुंच जाए साथ ही उनको हो रही समस्याओं के बारे में अवगत भी कराना था।
जानकारी देनी थी..........
एकलव्य मॉडल स्कूल की सम्पूर्ण जवाबदारी प्राचार्य की है। यदि छात्रों ने कदम स्कूल से बाहर निकाला था,तो उनको रूबरू मिलकर उनकी समस्याओं का निराकरण अवश्य कर लेना था। यदि छात्र समझने को तैयार नही होते तो,उन्हें इस बात की जानकारी स्थानीय और जिले के अधिकारियों या कलेक्टर देनी थी,ऐसा हमारा मानना है।
एकलव्य मॉडल स्कूल से क्या लेना-देना......?
गौरतलब है कि स्थानीय प्रशासन ने तो आनन-फ़ानन में प्राचार्य को बचाते हुए एक निर्दोष पटवारी पर कार्यवाही कर निलंबित कर दिया। बताया गया कि उसने इस घटनाक्रम की हमे सूचना तक नहीं दी। मजेदार बात तो यह है कि पटवारी का एकलव्य मॉडल स्कूल से क्या लेना देना था....? देखा जाय तो किसी ग्रामीण क्षेत्र का मामला था,तो चौकीदार को उसकी सूचना देना थी। सूत्रों की माने तो चौकीदार यहाँ कोई नियुक्त ही नहीं है। उल्लेखनीय है कि चौकीदार को नियुक्त करने हेतु पटवारी ने संबंधित अधिकारी को पूर्व में ही लिखित में अवगत भी कराया हुआ है।
पटवारियों में आक्रोश,तीन दिन का दिया अल्टीमेटम.....
मेघनगर नायब तहसीलदार के प्रतिवेदन पर एसडीएम मेघनगर ने आदेश क्रमांक 2209-19 सितंबर द्वारा पटवारी संजम सिंह भदौरिया हल्का चैनपुरा को निलंबित कर दिया गया जबकि उनको आदेश 24 सितंबर को दिया गया। संजम सिंह भदौरिया के निलंबन की जानकारी मिलते ही मेघनगर अनुभाग के सभी पटवारियों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी मेघनगर के नाम एक पत्र लिखकर निर्दोष पटवारी को तीन दिन के भीतर बहाल करने की मांग की है,अन्यथा जिला पटवारी संघ के नेतृत्व में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा, ऐसी चेतावनी भी दी है।
दिखावाती हु...
इस प्रकरण को मैं दिखावाती हु। मेरे संज्ञान में है,जल्द ही इस प्रकरण का निराकरण करवाती हु।
....रितिका पाटीदार- एसडीएम,मेघनगर
दिखवाता हूँ
प्रकरण नायब तहसीलदार ने भेजा है। मैं इसको दिखवाता हूँ,जो भी आवश्यक कार्यवाही होगी,वह करूंगा।
....पलकेश परमार- तहसीलदार,मेघनगर
कोई लेना देना ही नहीं
मैं तो मौका स्थल पर अधिकारियों के साथ उपस्थित था। मुझे तो जबरन में ही निलंबित किया गया है,जबकि मेरा एकलव्य मॉडल स्कूल से कोई लेना देना ही नहीं है।
...संजम सिंह भदौरिया - चेनपुरा हल्का पटवारी

