पहली बार किया जा रहा लागू,स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्यांकन-अंतिम तारीख 30 सितंबर
होगा अंकों का कुल स्कोर 125-डीपीसी नोडल नामित
झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। चालू शिक्षण सत्र में देश के सभी निजी व शासकीय विद्यालयों में स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्यांकन- 2025/26 -एसएचवी आर कार्यक्रम लागू किया गया है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के वर्ष 2016-17 से संचालित स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना का यह संशोधित प्रारूप है।
कुल स्कोर 125 का होगा
योजना का उद्देश्य समस्त शासकीय,अशासकीय,सहायता प्राप्त विद्यालयों में स्वच्छता,सुरक्षित पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता व्यवहार एवं मिशन लाइफ गतिविधियों का समग्र मूल्यांकन करना है। मुख्य संकेतक के तौर पर जल,शौचालय,हाथ धोना,संचालन एवं रखरखाव,व्यवहार परिवर्तन एवं क्षमता निर्माण एवं मिशन लाइफ गतिविधि सहित सभी संकेतकों के लिए अंकों का निर्धारण किया गया है। अंकों का कुल स्कोर 125 का होगा। इसमें भवन, शौचालय,लघु मरम्मत कार्यशाला की सफाई, गाइडलाइन के अनुसार पुताई, लेखन कार्य एवं शाला परिसर में पौधरोपण भी देखा जाएगा। जिले के समस्त शासकीय,अशासकीय,सहायता प्राप्त स्कूल इसमें भागीदारी कर सकेेंगे।
होगा मूल्यांकन वर्ष 2024-25 की गतिविधियों के आधार पर
मूल्यांकन के जो संकेतक तय किए गए हैं,उनके आधार पर स्कूल प्रबंधनों को एजूकेशन पोर्टल या एनसीईआरटी द्वारा विकसित एसएचवीआर मोबाइल एप के माध्यम से यूडाइज कोड का उपयोग कर यह पंजीयन करना होगा। पंजीयन के बाद स्व-मूल्यांकन प्रारूप में समस्त सूचनाएं अंकित करते हुए आवश्यक साक्ष्य-फोटो,दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा। यह मूल्यांकन वर्ष 2024-25 की गतिविधियों के आधार पर होगा।
डीपीसी नोडल नामित
प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में मूल्यांकन कार्य के सुचारू संचालन एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए राज्य शिक्षा केंद्र ने डीपीसी को नोडल नामित किया है। डीपीसी पूरी कार्ययोजना को समय पर सुनिश्चित कराएंगे। जिला स्तर पर मूल्यांकन समिति का गठन कर विद्यालयों से प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग,मेरिट सूची समय पर तैयार कराएंगे। हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के लिए नोडल जिला शिक्षा अधिकारी रहेंगे।
कब कौन सी गतिविधि होगी संचालित?
विद्यालय स्तर पर स्व-मूल्यांकन एवं पंजीयन की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। जिला स्तर पर सत्यापन एवं चयन 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। राज्य शिक्षा केंद्र को भेजने के लिए अंतिम तारीख सात नवंबर 2025 तय की गई है। संचालक राज्य शिक्षा केंद्र हरजिंदर सिंह ने समय पंजीयन,मूल्यांकन के साथ प्रगति से राज्य को अवगत कराने के निर्देश भी दिए हैं।
किस गतिविधि के लिए कितने अंक?
तय गतिविधि अंक
-स्वच्छ जल 22
-शौचालय 27
-साबुन हाथ धुलाई 14
-संचालन व रखरखाव 21
-व्यवहार,क्षमता निर्माण 20
-मिशन लाइफ गतिविधि 21
कुल अंक 125
पहली बार लागू किया जा रहा
स्वच्छ एवं हरित विद्यालय मूल्यांकन पहली बार लागू किया जा रहा है। इसमें निजी व सरकारी समस्त स्कूलों को शामिल होना है। कुल 125 अंकों की रेटिंग के आधार पर विद्यालय प्रबंधनों को 30 सितंबर तक ऑनलाइन अपना दावा प्रस्तुत करना होगा।
रालू सिंह सिंगार- डीपीसी,झाबुआ
होगा अंकों का कुल स्कोर 125
अंकों का कुल स्कोर 125 का होगा। हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी के लिए नोडल जिला शिक्षा अधिकारी रहेंगे। संचालक राज्य शिक्षा केंद्र ने प्रगति राज्य को अवगत कराने के निर्देश भी दिए हैं।
आर एस बामनिया- जिला शिक्षा अधिकारी, झाबुआ

