प्रदेश के राजनैतिक नोक-झोक पर अलग हट कर,संघर्ष से सिद्धि की विशेष पेशकश......संजय जैन-सह संपादक की कलम से......
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को मिला इंदौर से मैसेज-मंत्री विजयवर्गीय ने की शायद लंच पॉलिटिक्स......संगठन में सख्ती का शुभारंभ.....पिता पर भारी पुत्र का भक्ति -भाव.....गौमाता हो राष्ट्रमाता....समय गया,अब मुंह दिखाई... महापौर पहुंच गए तोड़फोड़ रुकवाने
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को मिला इंदौर से मैसेज-मंत्री विजयवर्गीय ने की शायद लंच पॉलिटिक्स......
झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शायद अपने दौरे की शुरुआत इंदौर से इसलिए की थी कि पूरे प्रदेश को इससे एक अच्छा मैसेज जाएगा। इस दौरे के बाद असर यह हुआ कि गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शायद लंच पोलिटिक्स की, जानकारी अनुसार उनके निवास पर हुई मालवी भोज की पार्टी में विधायक मालिनी गौड़,उषा ठाकुर और मनोज पटेल फोन पर सूचना मिलने के बाद भी नहीं पहुंचे थे। कद्दावर समझे जाने वाले मंत्री के गृह नगर से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को ऐसा संदेश जाएगा,यह तो सपने में भी नहीं सोचा होगा। मजेदार बात तो यह है कि यह हालात भी तब है,जब हितानंद शर्मा जैसे संगठक कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाने लगभग हर महीने इंदौर आ ही जाते हैं।
संगठन में सख्ती का शुभारंभ...
भाजपा संगठन में सिर्फ मंच से ही नहीं धरातल पर भी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सख्ती दिखानी शुरु कर दी है। भिंड में बीईओ को थप्पड़ मारने वाले मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा को पद से हटा दिया। यही नहीं भिंड जिला भाजयुमो अध्यक्ष विक्रांत सिंह कुशवाह को सोशल मीडिया पर वॉयरल हुए वीडियो-नशे की हालत में दिल्ली से आ रही बस में उत्पात मचाने पर पद से बर्खास्त भी किया।
पिता पर भारी पुत्र का भक्ति-भाव......
गोलू शुक्ला को सनातनी विधायक का नाम चाहे जिसने दिया हो लेकिन उनसे अधिक पहचान तो उनके पुत्र रुद्राक्ष की भक्ति भाव के अंदाज से हो गई है। देवास वाली माता के पुजारी की आरती उतारने के बाद महाकाल के प्रति जो प्रेम उमड़ा,उसके बाद से तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री हितानंद शर्मा उसे हजारों की भीड़ में पहचानने में सक्षम हो गए हैं। बेटे का ये भक्तिभाव विधायक की छवि पर बट्टा लगा रहा है,यह बात बड़े नेताओं ने गोपनीय रूप से समझाई तो थी,लेकिन निपटाने वालों ने उनके फोटो और मजमून भी वॉयरल करने में देरी नहीं की थी।
गौ माता हो राष्ट्रमाता......
महात्मा गांधी को राष्ट्रपिता कहने को लेकर पिछले कुछ समय से तर्क-कुतर्क चल रहे हैं। ऐसे में नर्मदापुरम-नरसिंहपुर से सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने संसद में मांग कर डाली कि सनातन संस्कृति में गाय को गौ माता के रूप में पूजा जाता है तो हम गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देना चाहिए। राष्ट्रपिता पर आपत्ति लेने वाले भी सांसद क्या इस मांग से खुश हो सकते हैं....?
समय गया....अब मुंह दिखाई....
प्रदेश के 16 नगर निगमों में इंदौर नगर निगम का बजट सबसे बड़ा है। बजट बड़ा है तो जाहिर फिजूलखर्ची भी उसी स्टेंडर्ड की होगी। पहले 5 हजार 500 निगम कर्मचारियों की हाजिरी के लिए हर माह 350 रु.के किराए पर एजेसी से जीपीएस वाली घड़ियां ली थी। कुछ महीनों बाद अधिकारी इन घड़ियों से हाजिरी लेना भूल भी गए,लेकिन एजेंसी का घड़ी का किराया मीटर तो चालू ही रहा। जब एजेंसी ने उक्त घड़िया वापस मांगी,तब स्टोर में 150 घड़िया भी जमा हो पायी थी। सूत्रों नुसार एजेंसी का 2 करोड़ रुपया भी बकाया है। अब निगम कर्मियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए चेहरा पहचान कर हाजिरी लगाने वाली मशीनें खरीदने का निर्णय हुआ है। इसके लिए 3 करोड़ रु.खर्च किए जाएगे। गौरतलब है कि मशीनें तो आगे-पीछे लगेंगी ही,लेकिन अभी तो कर्मचारी गुनगुना रहे हैं दिल को देखो.....चेहरा ना देखो....
महापौर पहुंच गए तोड़फोड़ रुकवाने......
जबलपुर नगर निगम के महापौर जगत बहादुर अन्नू चर्चा में हैं। बिल्डर शंकर मंछानी के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में बेसमेंट में पार्किंग की जगह व्यावसायिक उपयोग और अवैध पार्किंग पर कार्यवाही करने नगर निगम का अमला पहुंचा था। ऐसे अतिक्रमण को रोकने के लिए नगर निगम अमला कार्रवाई करने पहुंचा जरूर था,लेकिन तब महापौर ही इसे रुकवाने हेतु पहुंच गए थे,तो ये बेचारे कर्मचारी क्या करते..........?
शिवपुरी में सिंधिया को झटका...
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र शिवपुरी में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जैन उर्फ ओमी जैन द्वारा पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद से खलबली मची हुई है। इस्तीफा का कारण बताते हुए,उन्होंने जो वीडियो वॉयरल किया है उसमें वो रोते हुए अपनी व्यथा सुना रहे हैं। पार्टी के बड़े नेता उन्हें मनाने भी पहुंचे थे,लेकिन जैन ने एक नया वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा वापस नहीं लिया है और वह अभी भी अपने स्टैंड पर कायम हैं। ओमी जैन का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा और नगर पालिका में चल रहे वर्तमान भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने जो बातें उठाईं वो सारी बातें सिंधिया सहित बड़े नेताओं को बता चुके थे,कहीं सुनवाई नहीं हुई तो पार्टी छोड़ना ही सही लगा।

