झाबुआ एसडीएम के नेतृत्व में नगर में *हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छ*अभियान के अंतर्गत विशाल ऐतिहासिक तिरंगा रैली निकाली...
लगभग 100 से अधिक दो पहिया वाहन और 100 से अधिक ट्रैक्टर विशाल तिरंगा रैली का हिस्सा बने...
झाबुआ संजय जैन-जिला ब्यूरो। हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता एवं स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग अभियान के अंतर्गत कल झाबुआ नगर में एक विशाल और ऐतिहासिक तिरंगा ट्रेक्टर रैली का आयोजन किया गया। लगभग 100 से अधिक दो पहिया वाहन और 100 से अधिक ट्रैक्टर विशाल ऐतिहासिक तिरंगा रैली का हिस्सा बने।यह आयोजन स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जनजागरूकता बढ़ाने एवं स्वच्छता के प्रति नागरिकों को प्रेरित करने के उद्देश्य से किया गया।
सीईओ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया रैली को
रैली को जिला पंचायत झाबुआ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सहायक कलेक्टर आशीष कुमार एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ भास्कर गाचले ने ट्रैक्टर में बैठकर रैली में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्वच्छता कार्यकर्ता एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
हर घर तिरंगा फहराना और हर गली–हर मोहल्ला स्वच्छ रखना का संदेश
रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी, जिसमें देशभक्ति और स्वच्छता का संदेश देने वाले स्लोगन, पोस्टर एवं तिरंगे झंडों से सजे ट्रैक्टर आकर्षण का केंद्र रहे। रैली के माध्यम से आमजन में यह संदेश दिया गया कि हर घर तिरंगा फहराना और हर गली–हर मोहल्ला स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।यह ट्रैक्टर रैली न केवल स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का प्रतीक ही बनी, बल्कि स्वच्छ और सुंदर झाबुआ के निर्माण की दिशा में एक प्रभावी कदम भी सिद्ध हुई।

