गुलजार हुआ राखी बाजार,भा रही जयपुरी,राजस्थानी डिजाइन

झाबुआ। संजय जैन-सह संपादक। भाई-बहन के अटूट प्रेम के त्योहार के तौर पर जाना जाने वाला रक्षाबंधन 9 अगस्त को मनाया जाएगा। पर्व मनाने के लिए बहनें तैयारी कर रही हैं। शहर के बाजारों में चहल-पहल देखने को मिल रही है। बाजार इस समय पूरी तरह से गुलजार हो गया है। दुकानदारों से लेकर फुटपाथी विक्रेताओं ने भी राखी की दुकानें लगा ली हैं। सभी ने अपनी दुकानों को आकर्षक रूप से सजाकर ग्राहकों को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भले ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने हर त्योहार पर अपनी पैठ मजबूत की हो,लेकिन राखी पर बहनों को आज भी बाजार जाकर राखी खरीदने में ज्यादा खुशी मिलती है।

पहली पसंद कुंदन और सिल्वर की राखियां

इस बार बाजार में राखियों की एक विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध है, जिसमें साधारण धागों से लेकर डिजाइनर और ब्रांडेड राखियां शामिल हैं। सामान्य राखियों की कीमत 10 रुपये से शुरू होकर 100 रुपये तक ह,जो हर वर्ग के बजट में फिट बैठती है। बच्चों के लिए खास तौर पर तैयार की गई कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी खूब पसंद की जा रही हैं। इनकी कीमत 30 से 150 रुपए के बीच है। बहनों की पहली पसंद कुंदन और सिल्वर की राखियां हैं,ये राखियां न केवल भाइयों को स्टाइलिश लुक देती हैं,बल्कि इस त्योहार को और भी खास बना देती हैं।

बच्चों के लिए खास राखियों की भरमार

इस बार राखी बाजार में बच्चों के लिए खास राखियों की भरमार है। बाजार में कार्टून करेक्टर, सुपरहीरो,स्पाइडरमैन,डोरेमोन,मोटू-पतलू,पिकाचू और टॉम-जैरी वाली राखियां बच्चों को खूब लुभा रही हैं। इसके अलावा मुयूजिकल और लाइट वाली राखियां भी खूब बिक रही हैं। छोटे बच्चों के लिए रंग-बिरंगी राखियों में सॉट टॉय और बेल्ट वाली राखियां भी बाजार में नई वैरायटी के रूप में उपलब्ध है।

कीमत में 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी

राखी की खरीदी के लिए बाजार में भारी भीड़ उमड़ रही है। फुटपाथ पर बैठे विक्रेताओं से लेकर बड़ी दुकानों तक में राखियों के अलग-अलग कलेक्शन उपलब्ध है। हालांकि महंगाई का असर राखी बाजार पर भी पड़ा है। बीते साल की तुलना में इस बार राखियों की कीमत में 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी देखी जा रही है।

गिफ्ट हैंपर की भी जोरदार बिक्री

राखी के साथ इस बार बाजार में गिफ्ट हैंपर, चॉकलेट बॉक्स,मिठाई और पर्सनलाइज्ड गिफ्ट का ट्रेंड भी जोरों पर है। कई बहनें राखी के साथ भाइयों को खास तोहफे देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहीं हैं। वहीं दुकानदार भी राखी के साथ गिफट पैक शामिल करके ग्राहकों को आकर्षक ऑफर दे रहे हैं।