झाबुआ/थांदला। संजय जैन-ब्यूरो। वन नेशन वन कार्ड की ओर अग्रसर भारत में हर विभाग के आधार अपडेशन के लिए  केवाईसी के कार्य किये जा रहे है। पहले केवाईसी केवल पंजीकृत बैंकों में ही होती थी,लेकिन अब शासकीय योजनाओं के लाभ नीति के लिए इसे शासकीय विभागों में अनिवार्य कर दिया है।  

18 हजार 283 में से 12 हजार 246 लोगों की केवाईसी हो चुकी...            

झाबुआ ज़िलें में पंचायत ,नगर परिषद और नगर पालिका के स्तर पर केवाईसी का कार्य चल रहा है। थांदला नगर परिषद के प्रभारी सीएमओ कमलेश जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आम जनता को शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके, उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े व कोई दो समानान्तर योजनाओं में लाभ न ले सके, इस हेतु शासन के निर्देशानुसार नगर परिषद थांदला में भी केवाईसी का कार्य आंगनवाड़ी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर किया जा रहा है। जायसवाल ने बताया कि नगर के सभी 15 वार्ड के लिए पृथक कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है।वही परिषद में भी 3 कर्मचारी इसी काम के लिए लगाए गए है,जिनके द्वारा परेशानियों का सामना करने के बावजूद नगर के करीब 18 हजार 283 में से 12 हजार 246 लोगों की केवाईसी हो चुकी है।  शेष बचे हुए लोगों की भी जल्द ही केवाईसी हो जाएगी। 

आधार सेंटर बंद केवाईसी में नेटवर्क बन रहा परेशानी का सबब...

थांदला नगर में जहाँ अभी तक महज 67% के करीब ही केवाईसी पूर्ण हुई है, वही वार्ड नम्बर दो जो कि सबसे छोटा वार्ड है वहाँ पर लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कर्मचारी पूजा राठौड़ व दिव्या बिलवाल के अनुसार कभी आधार अपडेशन,तो कभी आधार से लिंक मोबाइल में नेटवर्क नही आने से एक ही घर पर दो से चार बार जाना पड़ रहा है। इसके बाद भी केवाईसी नही हो पा रही है, इसके लिए दूसरा विकल्प परिषद में थम्ब इम्प्रेशन (अंगूठा लगाकर) द्वारा केवाईसी की जा रही है। आपको बता दे आधार कार्ड में अनेक लोगों के बीएसएनएल, स्मार्ट व आइडिया जैसी कम्पनियों के पुराने नम्बर जुड़े हुए है, तो अब कई लोगो ने तो नम्बर बंद कर दिये है या तो फिर उन पर नेटवर्क नही मिल पाने से यह परेशानी आ रही है। अधिकांश लोगों के मोबाइल दूसरी समग्र आईडी से लिंक है या किसी कारण से एक समग्र आईडी बंद कर नई समग्र आईडी बनाई गई है। ऐसे में बंद समग्र आईडी वाला नम्बर नए समग्र आईडी पर भी काम नही कर रहा है,जिससे भी परेशानी आ रही है। दूसरी ओर नगर के सभी आधार सेंटर बंद कर दिए गए है। केवल बैंक,डाकघर व लोक सेवा केंद्र पर ही आधार अपडेशन का कार्य चल रहा है, जिससे नगर के साथ ग्रामीणों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर परिषद द्वारा केवाईसी का कार्य किया जा रहा है इससे सभी सदस्यों के राशनकार्ड लिंक रहेंगें वही शासन की अन्य योजनाओं के लाभ के लिए यह जरूरी है इसलिए नगर के सभी रहवासी आवश्यक रूप से केवाईसी करवाये ......कमलेश जायसवाल (सीएमओ) थांदला