झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। बीएसएफ इंदौर ने रेवतीरेंज की जिस सूनी पहाड़ी को नगर निगम को सौंपा था, वो अब हरी-भरी हो गई है। पौधों को समय पर पानी मिला, मवेशियों की नजर नहीं लगी, बीएसएफ जवानों ने निगरानी रखी साथ ही जनकार्य समिति अध्यक्ष राजेंद्र राठौर का रोपे गए पौधो से लगन का ही परिणाम है कि रियाली के परिधान के बाद,अब पहाड़ी ग्रीन रेंज का रूप ले चुकी है। 

एक पेड़ मां के नाम -12.42 लाख पौधे का बना कीर्तिमान ...
प्रधानमंत्री मोदी के एक पेड़ मां के नाम आह्वान के अंतर्गत मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में यहां एक दिन में 12.42 लाख पौधे का कीर्तिमान बनाया गया था। पिछले साल 14 जुलाई को समूचा इंदौर रेवतीरेंज की सूनी पहाड़ी पर पौधारोपण के लिए दौड़ पड़ा था। इसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी पौधा रोपकर अपनी भागीदारी दर्ज कराई थी। इससे पहले असम राज्य के नाम एक दिन में 9 लाख 26 हजार पौधे लगाने का रिकार्ड था। हर दिन लगभग 500 पौधे लगा रहे हैं।


लिया ग्रीन बेल्ट गोद देने का निर्णय.... 
नगर निगम की जनकार्य समिति के प्रभारी राजेंद्र राठौर का कहना है कि इस बार भी बड़े पैमाने पर जन भागीदारी से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधे लगाने के लिए मंत्री विजयवर्गीय, महापौर भार्गव और सामाजिक संगठनों की बैठक कर रूपरेखा बनाएंगे। इसके बाद बिजासन, विद्याधाम के सामने बीएसएफ, पितृ पर्वत, ट्रेंचिंग ग्राउंड, बिचोली, खंडवा रोड, टिगरिया बाद़शाह तालाब पर भी पौधारोपण करेंगे। कुछ नए स्थान आम राय से  भी तय किये जायेंगे।शहर में पर्यावरण सुधार और ग्रीनरी के लिए विभिन्न संस्थाओं, समाजसेवियों को जोड़ने के लिए बगीचे, चौराहे, ग्रीन बेल्ट गोद देने का भी निर्णय लिया है। 

मास्टर प्लान की सड़कों के निर्माण में ग्रामीण क्षेत्रों में परेशानी बताई कलेक्टर को...
नगर निगम द्वारा मास्टर प्लान वाली जिन सड़कों का निर्माण किया जाना है, उसमें सर्वाधिक परेशानी उन सड़कों में आ रही है,जिनसे गांव जुड़े हुए हैं। सड़कों के सीमांकन में गांवों में सड़क घेर कर पहले से बने हुए पक्के निर्माण के अतिक्रमण को हटाने के लिए आरआई, पटवारी आदि सुनते ही नहीं है साथ ही जानकारी देने के बाद भी वे मौके पर नहीं पहुंचते हैं। गौरतलब है कि जब तक सीमांकन नहीं होगा तब तक सड़क निर्माण का कार्य शुरु नहीं हो सकता है । हाल ही में इस मामले को कलेक्टर आशीष सिंह के संज्ञान में लेकर ,यह समस्या बता भी दी गयी है। उन्होंने टीएल बैठक में इस समस्या के निदान का आश्वासन भी दिया है।