झाबुआ/इंदौर। संजय जैन-सह संपादक। पेंशनर्स के लिए उपयोगी खबर है। उन्हें हर साल जीवित प्रमाण पत्र-लाइफ  सर्टिफिकेट जमा करने के लिए डाकघर या बैंक के चक्कर नहीं लगाने होंगे। भारतीय डाक विभाग ने डिजिटल सेवा के माध्यम से यह सुविधा घर बैठे उपलब्ध कराई है। डाकिया अब पेंशनरों के घर जाकर डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र बनाएगा, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी और पेंशन समय पर मिलती रहेगी। डाक विभाग यह सुविधा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से दे रहा है। इससे बुजुर्गों को डाकघर की लंबी कतारों और बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिल जाएगी। जो पेंशनर्स किसी कारणवश बाहर नहीं आ सकते या दूर-दराज के क्षेत्रों में रहते हैं,उनके लिए यह सेवा अत्यंत लाभकारी है।

प्राप्त कर सकेंगे बिना किसी परेशानी के पेंशन

पेंशनरों को इस सेवा का लाभ उठाने के लिए अपना आधार नंबर,मोबाइल नंबर,बैंक या डाकघर खाता संख्या और पीपीओ नंबर देना होगा। डाकिया उनके घर आएगा और माइक्रो एटीएम डिवाइस से पेंशनर का बायोमेट्रिक-फिंगरप्रिंट या फेस कैप्चर कर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार करेगा। डिजिटल प्रमाण पत्र तुरंत संबंधित विभाग को भेज दिया जाएगा। यदि पेंशनर चाहे तो यह प्रमाण पत्र जीवन प्रमाण की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा वे पोस्ट इन्फो मोबाइल ऐप की मदद से भी इस सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। यह पहल बुजुर्गों के लिए एक बड़ी सुविधा है, जिससे बार-बार चक्कर लगाने से मुक्ति मिल जाएगी।

खत्म हो जाएगी समस्या

पेंशन जारी रखने के लिए पेंशनरों को हर साल जीवित प्रमाण पत्र जमा करना होता है। अक्सर बुजुर्ग स्वास्थ्य या अन्य कारणों से डाकघर या बैंक नहीं जा पाते, जिससे उनकी पेंशन अटक जाती है। अब डाक विभाग की इस नई पहल से यह समस्या खत्म हो जाएगी।