आस्था रोटी बैंक की फाउंडर आस्था जैन ने करवाया वर्षीतप आराधकों को पारणा मांगा जीवदया में सहयोग
झाबुआ/थांदला।संजय जैन-ब्यूरो। जैसा कि विदित है कि अनुशासन के साथ अनुकम्पा दान के लिए आस्था रोटी बैंक एटीएम किसी परिचय का मोहताज नही है। इंदौर नाकोड़ा की पुकार के प्रधान संपादक अनिल जैन की युवा पुत्री ने समाजसेवा के अनेक अनूठे उदाहरण प्रस्तुत किये है। सामाजिक समरसता व जीव दया की अगर बात की जाए तो उनके द्वारा इंदौर शहर में पशुओं के लिए चलाई जा रही,रोटी बैंक से न केवल इंदौर शहर वासियों को घर बैठे पुण्यार्जन का अवसर प्राप्त हो रहा है। वही हजारों की संख्या में पशुओं को अन्न मिल रहा है। इनके द्वारा वृद्धाश्रम, अनाथालय व दिव्यांग आश्रम पर समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भी भोजन, प्रेरणा व सहारा दिया जाता रहा है।
मिठाई बांटने का क्रम अनवरत जारी
आस्था जैन लोढ़ा द्वारा हिन्दू धार्मिक मुख्य पर्व पर निराश्रित बुजुर्गों एवं गरीब बच्चों व निम्न जीवन यापन करने वालों को मिठाई बांटने का क्रम अनवरत जारी है। आस्था द्वारा देवी पर्व नवरात्रि में 1008 कन्या भोज के साथ उनके द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता भी प्रेरणास्पद होकर जनचर्चा का विषय बना हुआ है। आस्था के साथ अनेक राज्य के दानवीर भामाशाह परिवार जुड़े हैं, जो उनके इस नेक कार्य में निरंतर सहयोग करते रहते हैं। अनेक मंच से गुरु भगवंतों व अनेक समाजिक संस्थाओं ने आस्था रोटी बैंक एटीएम के कार्यों की मुक्त कंठ से प्रसंशा करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया है।।
तप की अनुमोदना करते हुए आराधकों को अपने हाथों से पारणा करवाया
हाल ही में अक्षय तृतीया पर्व पर आस्था अपनी माताश्री के साथ पूज्य श्री धर्मदास गण में जैनाचार्य पूज्य श्री उमेश मुनि जी के कृपापात्र शिष्य बुद्ध पुत्र प्रवर्तक पूज्य श्री जिनेन्द्र मुनि जी म.सा. के सानिध्य में थांदला में होने वालें जैन भागवती दीक्षा व पारणा महोत्सव में आई व गुरुभगवंतों का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए दीक्षार्थियों के संयम व वर्षीतप आराधकों के तप की अनुमोदना करते हुए आराधकों को अपने हाथों से पारणा करवाया। इस दौरान आस्था ने तपस्वियों को तप के साथ दान का महत्व समझाते हुए आस्था रोटी बैंक के माध्यम से सत्कार्य में सहयोग के लिए प्रेरित किया।
आस्था ने सौजन्य भेंट की
थांदला जीवदया अभियान के संस्थापक राष्ट्रीय संयोजक वर्षीतप आराधक पवन नाहर को पारणा करवाते समय आस्था ने सौजन्य भेंट की जिसमें दोनों ने एक दूसरे का सहयोगी बनकर आगामी दिनों में जीवदया के क्षेत्र में कुछ बेहतर करने की पहल पर चर्चा की। उल्लेखनीय है कि इंदौर स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार सात वर्षों से अव्वल आ रहा है,तो इसका कुछ हद तक श्रेय आस्था रोटी बैंक द्वारा किये जा रहे रचनात्मक कार्यों को भी जाता है।आस्था अपने में तमाम सेवा कार्यों का श्रेय अपने सभी दानवीर भामाशाह परिवार को देती है।

